पंचायत उन्नति सूचकांक 2.0: त्रिपुरा की ग्राम पंचायत प्रथम | 05 Feb 2026

चर्चा में क्यों?

त्रिपुरा ने पंचायती राज मंत्रालय द्वारा जारी पंचायत उन्नति सूचकांक (PAI) 2.0 में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्थानीय शासन में एक ऐतिहासिक उपलब्धि प्राप्त की है।

मुख्य बिंदु:

  • PAI 2.0 में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन: त्रिपुरा के सेपाहिजाला ज़िले के जम्पुइजाला आरडी ब्लॉक में स्थित जुगल किशोर नगर ग्राम समिति ने लगभग 2.5 लाख ग्राम पंचायतों के मूल्यांकन में 88.44 स्कोर के साथ राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
  • त्रिपुरा पंचायतों का प्रदर्शन: राज्य का असाधारण प्रदर्शन यहीं सीमित नहीं रहा:
    • दक्षिण नलचर ग्राम पंचायत (नलचर आरडी ब्लॉक, सेपाहिजाला) ने 88.14 अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया
    • चेश्रीमाई ग्राम पंचायत (चारिलम आरडी ब्लॉक, सेपाहिजाला) ने 87.85 अंकों के साथ चौथा स्थान प्राप्त किया
  • पूर्ण भागीदारी: त्रिपुरा ने वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिये अपनी सभी 1,176 ग्राम पंचायतों और ग्राम समितियों के डेटा को 100% जमा और सत्यापित करने का गौरव हासिल किया।
  • पंचायत उन्नति सूचकांक (PAI) 2.0: यह भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय की एक पहल है जो देश भर में 2.5 लाख से अधिक ग्राम पंचायतों के प्रदर्शन का मूल्यांकन करती है।
    • सूचकांक सतत विकास लक्ष्यों (SDG) के अनुरूप 9 विषयों में फैले 435 स्थानीय संकेतकों के आधार पर स्थानीय निकायों का मूल्यांकन करता है।
    • प्रमुख संकेतक: इनमें पारदर्शिता, सेवा वितरण, विकेंद्रीकृत योजना, सामुदायिक भागीदारी और शासन के परिणाम शामिल हैं।
  • उद्देश्य: इस सूचकांक का लक्ष्य राष्ट्रीय विकास लक्ष्यों के अनुरूप ज़मीनी स्तर पर लोकतंत्र और स्थानीय स्वशासन को मज़बूत करना है।