जनजातीय कार्य विभाग की ‘चैंपियन 90’ योजना का हुआ शुभारंभ | 06 Sep 2022

चर्चा में क्यों?

5 सितंबर, 2022 को जनजातीय कार्य आयुक्त संजय सिंह ने नवोदय शासकीय स्कूल कटारा हिल्स में ‘चैंपियन-90’ योजना का शुभारंभ किया।

प्रमुख बिंदु 

  • अपर संचालक अनुसूचित जाति विकास संजय वार्ष्णेय ने कहा कि ‘चैंपियन-90’ योजना द्वारा शासकीय विद्यालयों के एससी-एसटी विद्यार्थियों के लिये व्यावसायिक एप्रोच के साथ व्यवस्थित कोचिंग मुहैया कराई जा रही है।
  • इस आवासीय कोचिंग में फिटजी की कोचिंग के साथ अंग्रेज़ी और साइकोलॉजी विषय के शिक्षक भी पढ़ाएंगे। सभी बच्चों के भोजन, आवास एवं पढ़ाई की सर्वोत्तम व्यवस्था की जाएगी।
  • शिक्षक दिवस पर चैंपियन-90 कोचिंग के लिये स्क्रीनिंग टेस्ट द्वारा चयनित 80 बच्चों को फिटजी संस्था द्वारा स्टडी किट और टैबलेट वितरित किये गए।
  • उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश के जनजातीय कार्य विभाग ने निजी कोचिंग संस्थान फिटजी के साथ मिलकर ‘चैंपियन-90’ पहल शुरू की है। यह संस्थान अपने सी.एस.आर. फंड से इन विद्यार्थियों को सभी आधुनिक सुविधाओं से परिपूर्ण कोचिंग सुविधा देगा।
  • इसके साथ ही हर विद्यार्थी को शैक्षणिक तैयारी के लिये एक टैबलेट भी नि:शुल्क प्रदान किया जाएगा। यह टैबलेट कोचिंग संस्थान के शैक्षणिक सॉफ्टवेयर से जुड़ा होगा। इसमें विद्यार्थियों को ऑनलाइन शिक्षा सामग्री उपलब्ध होगी। साथ ही, उन्हें अन्य ज़रूरी शैक्षणिक किताबें भी उपलब्ध करवाई जाएंगी।