पटेल, कोटवार और होमगार्ड के आभार सम्मेलन में गौठान समिति के लिये मानदेय का अंतरण | 04 May 2023

चर्चा में क्यों?

03 मई, 2023 को छतीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा राजधानी रायपुर के साईंस कॉलेज मैदान में पटेल, कोटवार और होमगार्ड के आभार सम्मेलन और गौठान समितियों के पदाधिकारियों के प्रशिक्षण सह-सम्मेलन कार्यक्रम में गौठान समिति के अध्यक्ष और अशासकीय सदस्यों को 1 करोड़ 56 लाख रुपए का मानदेय अंतरण किया गया।

प्रमुख बिंदु

  • इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गोधन न्याय योजना के तहत गोबर विक्रेताओं को गोबर विक्रय राशि 9 करोड़ 80 लाख रुपए का अंतरण किया। इसमें गोबर विक्रेताओं के लिये 3 करोड़ 80 लाख तथा गौठान समिति एवं स्व-सहायता समूहों के लिये 6 करोड़ रुपए शामिल हैं।
  • प्रत्येक गौठान के प्रबंधन के लिये 13 सदस्य नियुक्त हैं। प्रत्येक स्वावलंबी गौठान अध्यक्ष को 750 रुपए तथा अशासकीय सदस्यों को पाँच-पाँच सौ रुपए प्रतिमाह का मानदेय आज से प्रदान किया जा रहा है।
  • इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पंडित झाबरमल शर्मा द्वारा लिखित ‘भारतीय गोधन’पुस्तक का विमोचन किया।
  • यह पुस्तक करीब सौ वर्ष पूर्व लिखी गई थी एवं इसका पुन: प्रकाशन किया गया है। साथ ही उन्होंने भागवत जायसवाल द्वारा लिखित पुस्तक ‘कोटवार’का विमोचन किया।