विश्व आदिवासी दिवस पर पारंपरिक खेल ‘मड़ई’ का आयोजन रायपुर में | 05 Aug 2022

चर्चा में क्यों?

4 अगस्त, 2022 को छत्तीसगढ़ के जनसंपर्क विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर 7 और 8 अगस्त को विशेष रूप से संरक्षित जनजातियों के पारंपरिक खेल ‘मड़ई’ का आयोजन राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद स्टेडियम कोटा में किया जाएगा।

प्रमुख बिंदु 

  • खेल मड़ई में विभिन्न जनजातीय समुदाय द्वारा पारंपरिक रूप से खेले जाने वाले खेल, जैसे- तीरंदाजी, गुलेल, मटका दौड़, गिल्ली-डंडा, गेड़ी-दौड़, भौंरा, फुगड़ी (बालिका वर्ग), बिल्ला (बालिका वर्ग), कबड्डी, रस्साखींच, सक्तल (पिठुल), भारा दौड़, बोरा-दौड़, सुई-धागा दौड़ (बालिका वर्ग), मुदी लुकावन (गोटी लुकावन), तीन टंगड़ी दौड़ तथा नौकायन (वयस्क वर्ग के लिये) आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
  • आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में बालक एवं बालिकाओं के लिये दो वर्ग 14 से 18 वर्ष आयु वर्ग और खुली प्रतियोगिता के अंतर्गत 18 वर्ष एवं उससे अधिक की महिला और पुरुष के लिये पारंपरिक रूप से खेले जाने वाले खेल प्रतियोगिताएँ आयोजित होंगे।
  • ज़िलास्तर पर अभिकरण क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी विकासखंडों से खेलवार विशेष संरक्षित जनजातीय समुदायों से प्रवेश आमंत्रित किया जाएगा।
  • उल्लेखनीय है कि ज़िलों में 22 से 28 जुलाई तक खेल प्रतियोगिताएँ आयोजित की गई थीं। ज़िला स्तर से चयन के बाद 17 ज़िले के लगभग 700 प्रतिभागी इस राज्यस्तरीय आयोजन में शामिल होंगे।