हेलीकॉप्टर से पर्यटक कर सकेंगे अब हिमालय दर्शन | 27 Dec 2022

चर्चा में क्यों?

25 दिसंबर, 2022 को उत्तराखंड के पर्यटन सचिव सचिन कुर्वे ने बताया कि देश-दुनिया के पर्यटकों को आकर्षित करने के लिये तथा साहसिक पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिये राज्य में एयरो पर्यटन को बढ़ावा देने का फैसला किया गया है। एयरो पर्यटन से पर्यटक अब हेलीकॉप्टर से हिमालय के दर्शन कर सकेंगे।

प्रमुख बिंदु 

  • पर्यटन सचिव सचिन कुर्वे ने बताया कि पर्यटन विभाग ने एयरो पर्यटन को बढ़ावा देने को पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर मसूरी के जॉर्ज एवरेस्ट से हिमालय दर्शन सेवा शुरू की है, जिसमें पर्यटक हेलीकॉप्टर से हिमालय की सुंदरता को निहार सकते हैं।
  • इसी तर्ज पर पिथौरागढ़ के टनकपुर और बैरागी कैंप ऋषिकेश से हिमालय दर्शन सेवा शुरू करने की तैयारी है। इसके लिये बैरागी कैंप और टनकपुर का चयन किया गया है, जहाँ पर पर्यटक हेलीकॉप्टर के माध्यम से हिमालय के दर्शन कर सकेंगे।
  • उन्होंने बताया कि हिमालय दर्शन सेवा के लिये 40 मिनट के टूर पैकेज में प्रति यात्री पाँच हज़ार और डेढ़ घंटे के टूर पैकेज में 10 हज़ार प्रति यात्री किराया निर्धारित किया जा रहा है। इसके लिये हेलीकॉप्टर कंपनियों के साथ वार्ता चल रही है और जल्द ही योजना को शुरू किया जाएगा।