महिला स्वरोज़गार और सुपोषण को बढ़ावा देने के लिये प्रदेश में एक और मिलेट कैफे का संचालन शुरू | 30 Mar 2023

चर्चा में क्यों?

27 मार्च, 2023 को छत्तीसगढ़ के बालोद ज़िला मुख्यालय में राज्य की महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री अनिला भेंड़िया ने प्रदेश में महिला स्वरोज़गार, उद्यमिता सहित सुपोषण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मिलेट कैफे का शुभारंभ किया।

प्रमुख बिंदु 

  • गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की पहल पर मिलेट्स के उपभोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रदेश में मिलेट कैफे का संचालन शुरू किया गया है। इन मिलेट्स कैफे को संचालन के लिये महिला समूहों को दिया जा रहा है।
  • विदित है कि छत्तीसगढ़ राज्य देश का पहला ऐसा राज्य है, जो समर्थन मूल्य पर मिलेट्स की खरीदी कर रहा है।
  • उल्लेखनीय है कि रायगढ़ ज़िले में ज़िला प्रशासन के सहयोग से मई 2022 में प्रदेश के पहले मिलेट्स कैफे की शुरुआत की गई। इसका संचालन महिला समूह द्वारा किया जा रहा है। इसके खुलने के महज कुछ महीनों में ही यहाँ की मासिक आमदनी 3 लाख रुपए को पार कर गई है।
  • रायगढ़ के बाद कोरबा ज़िले में मिलेट्स कैफे का शुभारंभ किया गया। इसी कड़ी में बालोद में अब ज़िले के पहले मिलेट्स कैफे की शुरुआत की गई है।
  • इस कैफे में पौष्टिकता से भरपूर मिलेट्स के व्यंजनों का स्वाद लोग ले सकेंगे। इस कैफे में कोदो, कुटकी, रागी तथा अन्य लघु धान्य फसलों से निर्मित विविध व्यंजन-इडली, डोसा, पोहा, उपमा, भजिया, खीर, हलवा, कुकीज आदि आम जनता के लिये उपलब्ध रहेंगे।