शूटर ऐश्वर्य प्रताप, हर्षित बिंजवा और गोल्डी गुर्जर की तिकड़ी ने जीता टीम इवेंट में स्वर्ण | 10 Dec 2022

चर्चा में क्यों?

9 दिसंबर, 2022 को केरल के तिरूवनंतपुरम के वट्टीयूरकाव शूटिंग रेंज में चल रही 65वीं राष्ट्रीय रायफल शूटिंग चैंपियनशिप में मध्य प्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी के शूटर्स ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, हर्षित बिंजवा और गोल्डी गुर्जर की तिकड़ी ने 50 मीटर रायफल सीनियर मेंस टीम इवेंट में स्वर्ण पदक हासिल किया।

प्रमुख बिंदु

  • इसके अलावा 50 मीटर रायफल थ्री-पोजिशन सीनियर मेंस सिविलियन टीम इवेंट में अकादमी के अमित कुमार, हर्षित बिंजवा और याकूब सिद्दीकी ने भी स्वर्ण पदक हासिल किया।
  • टीम इवेंट का तीसरा स्वर्ण 50 मीटर थ्री-पोजिशन जूनियर मेंस में अकादमी के शूटर्स अविनाश यादव, अमित सिंगरोले और आदर्श ने जीता। इसी कड़ी में 50 मीटर थ्री-पोजिशन जूनियर मेंस सिविलियन टीम इवेंट में अकादमी के समीर उल्ला खान, अमित सिंगरोले और आदर्श तिवारी ने स्वर्ण पदक हासिल किया।
  • चैंपियनशिप में अकादमी के हर्षित बिंजवा ने मेंस एकल सिविलियन इवेंट में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। अकादमी के ही ऐश्वर्य प्रताप सिंह ने 50 मीटर सीनियर मेंस एकल मुकाबले में काँस्य पदक हासिल किया।
  • वहीं नई दिल्ली में चल रही 65वीं राष्ट्रीय शूटिंग शॉटगन चैंपियनशिप में स्कीट इवेंट में मध्य प्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी के अर्जित सिंह यादव ने स्वर्ण, अर्जुन ठाकुर ने रजत और ऋतुराज बुंदेला ने काँस्य पदक हासिल किया।
  • सीनियर टीम इवेंट में अकादमी के अर्जुन ठाकुर, अर्जित सिंह और ऋतुराज बुंदेला की तिकड़ी ने रजत पदक हासिल किया।
  • जूनियर टीम इवेंट में अर्जित सिंह यादव, ऋतुराज बुंदेला और अतुल सिंह राजावत ने रजत पदक हासिल किया। जूनियर महिला स्कीट इवेंट में अकादमी के वंशिका तिवारी, काजल सिंह और शिवानी ने काँस्य पदक हासिल किया।
  • इसी प्रकार भोपाल के बिसनखेड़ी स्थित मध्य प्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी में चल रही 65वीं राष्ट्रीय शूटिंग पिस्ट्रल चैंपियनशिप में हरियाणा के अनीश भनवाला ने राष्ट्रीय रिकार्ड बनाया। अनीश ने 588 प्वाइंटस् का अपना ही पुराना रिकार्ड तोड़ कर 590 प्वाइंटस् अर्जित कर नया राष्ट्रीय रिकार्ड बनाया।
  • उल्लेखनीय है कि अनीश भनवाला 2018 में 15 वर्ष की उम्र में कॉमनवेल्थ गेम्स में सबसे युवा स्वर्ण पदक विजेता थे। वे 5 वर्षों से जूनियर नेशनल चैंपियन भी हैं।