नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के गौरव समागम-2023 में मुख्यमंत्री ने दी बड़ी सौगात | 16 Feb 2023

चर्चा में क्यों?

15 फरवरी, 2023 को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के गौरव समागम-2023 में सभी नगरीय निकायों को विकास कार्यों हेतु लगभग 1 हज़ार करोड़ रूपये राशि देने की घोषणा के साथ ही कई अन्य महत्त्वपूर्ण घोषणाएँ की तथा उत्कृष्ट कार्य हेतु नगरीय निकायों को पुरस्कृत किया।

प्रमुख बिंदु

  • नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के गौरव समागम-2023 में शामिल होते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सभी नगरीय निकायों को विकास कार्यों हेतु लगभग 1 हज़ार करोड़ रुपए राशि देने की घोषणा की।
  • उन्होंने नगर निगम रायपुर को 100 करोड़, बिलासपुर नगर निगम को 50 करोड़, दुर्ग नगर निगम को 25 करोड़, भिलाई-चरौदा, अंबिकापुर, जगदलपुर को 20-20 करोड़, रिसाली, राजनांदगाँव, रायगढ़ एवं कोरबा को 15-15 करोड़, बिरगाँव, धमतरी एवं चिरमिरी को 10-10 करोड़ की राशि देने की घोषणा की।
  • इसके साथ ही सभी नगर पालिकाओं को 5-5 करोड़ और सभी नगर पंचायतों को 3-3 करोड़ रुपए देने की घोषणा की।
  • मुख्यमंत्री ने रायपुर, भिलाई और बिलासपुर में शहरी महिला आजीविका केंद्र, रायपुर शहर के जल भराव वाले क्षेत्रों में ड्रेनेज सिस्टम, भूमि विकास नियम का सरलीकरण, अंबिकापुर में महात्मा गांधी स्टेडियम का उन्नयन, सड़क निर्माण एवं सौंदर्यीकरण की घोषणा की।
  • मुख्यमंत्री ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि युवाओं को रोज़गार प्रदान करने हेतु रायपुर एवं भिलाई में सॉफ्टवेयर एवं हार्डवेयर सुविधा सहित बीपीओ खोले जाएंगे।
  • छात्र-छात्राओं को बेहतर शिक्षा हेतु भिलाई में 20 करोड़ की लागत से विश्वस्तरीय सेंट्रल लाइब्रेरी कम रीडिंग ज़ोन बनाया जाएगा।
  • मुख्यमंत्री ने रीपा की तर्ज पर सभी नगर निगम और नगर पालिकाओं में अर्बन कॉटेज और सर्विस इंडस्ट्रीज पार्क खोलने की घोषणा की।
  • नागरिकों की स्वास्थ्य सुविधाओं में इज़ाफा हो, इसके लिये उन्होंने नगर निगमों में स्मार्ट हेल्थ कियोस्क बनाने की घोषणा की जिसमें बीपी, सुगर, ब्लड टेस्ट की नि:शुल्क सुविधा मिलेगी।
  • मुख्यमंत्री ने शहरों के मार्केट एरिया में सीसीटीवी, आधुनिक शौचालय और विकास व्यवस्था की घोषणा करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों की मांग पर नगरीय निकायों की चुंगी क्षतिपूर्ति राशि को 26 रुपए से बढ़ाकर 35 रुपए किया जाएगा।
  • मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गौरव समागम समारोह में विभिन्न विभागीय योजनाओं के उत्कृष्ट क्रियान्वयन हेतु नगरीय निकायों को पुरस्कृत किया।
  • ‘मुख्यमंत्री मितान योजना’में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिये नगर निगम बीरगाँव को सर्वाधिक सक्रिय निकाय, नगर निगम भिलाई चरोदा को व्यापक कवरेज के लिये तथा नगर निगम अंबिकापुर को नगरीय निकाय से संबंधित सेवाओं के क्रियान्वयन के लिये पुरस्कृत किया गया।
  • ‘मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना’में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिये नगर निगम धमतरी, नगर पालिका परिषद दल्लीराजहरा तथा नगर पंचायत आमदी को पुरस्कृत किया गया।
  • ‘श्री धनवंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर्स योजना’में बेहतर प्रदर्शन के लिये नगर पालिक निगम रायगढ़, नगर पालिका परिषद गरियाबंद तथा नगर पंचायत गुरुर को पुरस्कृत किया गया।
  • अधिकतम राजस्व वसूली के लिये नगर पालिक निगम रायपुर, नगर पालिका परिषद दीपका एवं नगर पंचायत खरोरा को पुरस्कृत किया गया।
  • मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गौरव समागम समारोह अवसर पर विगत 4 वर्षो की विभागीय उपलब्धियों पर आधरित कॉफी टेबल बुकलेट का विमोचन किया। उन्होंने विभागीय उपलब्धियों पर आधारित वीडियो, प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत मोर प्रदर्शन मोर सम्मान मार्गदर्शिका का विमोचन, स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत एस्पिरेशनल टॉयलेट डिजाइन हेतु मार्गदर्शिका का भी विमोचन किया।
  • मुख्यमंत्री ने भारत सरकार द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत खुशियों का आशियाना थीम पर आयोजित प्रतियोगिता में चयनित हितग्राहियों को पुरस्कार वितरित किये।