केंद्र सरकार ने 13 महत्त्वपूर्ण खनिज ब्लॉकों की नीलामी रद्द कर दी | 29 Mar 2024

चर्चा में क्यों?

हाल ही में बोलीदाताओं से खराब प्रतिक्रिया के बाद केंद्र ने महत्त्वपूर्ण खनिज बोलियों के पहले दौर में प्रस्तावित 20 ब्लॉकों में से 13 की नीलामी रद्द कर दी है।

मुख्य बिंदु:

  • इन 13 महत्त्वपूर्ण खनिज ब्लॉकों को, जिन्हें खराब प्रतिक्रिया मिली, उनमें ग्लौकोनाइट, निकल, क्रोमियम और प्लैटिनम समूह तत्त्व (PGE), पोटाश आदि शामिल हैं। वे बिहार, झारखंड, ओडिशा, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में फैले हुए हैं।
    • PGE- प्लैटिनम, पैलेडियम, रोडियम, रूथेनियम, इरिडियम और ऑस्मियम ऐसी धातुएँ हैं जिनके भौतिक एवं रासायनिक गुण समान होते हैं तथा प्रकृति में एक साथ पाए जाते हैं।
  • इससे पहले सरकार ने जून 2023 में देश के लिये महत्त्वपूर्ण माने जाने वाले 30 खनिजों की सूची जारी की थी। इनमें एंटीमनी, बेरिलियम, बिस्मथ, कोबाल्ट, ताँबा, गैलियम, जर्मेनियम, ग्रेफाइट, हेफनियम, इंडियम, लिथियम, मोलिब्डेनम, नाइओबियम, निकल, प्लैटिनम समूह तत्त्व (PGE), फॉस्फोरस और पोटाश शामिल हैं।
    • रेनियम, सिलिकॉन, स्ट्रोंटियम, टैंटलम, टेल्यूरियम, टिन, टाइटेनियम, टंगस्टन, वैनेडियम, ज़िरकोनियम, सेलेनियम और कैडमियम जैसे दुर्लभ पृथ्वी तत्त्व (REE) भी इस सूची में मौजूद थे।

महत्त्वपूर्ण खनिज:

  • महत्त्वपूर्ण खनिज ऐसे खनिज हैं जो आर्थिक विकास और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिये आवश्यक हैं।
  • इन खनिजों की उपलब्धता की कमी या कुछ भौगोलिक स्थानों में निष्कर्षण या प्रसंस्करण की एकाग्रता से आपूर्ति शृंखला की भेद्यता और यहाँ तक कि आपूर्ति में व्यवधान की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
  • महत्त्वपूर्ण खनिजों की घोषणा:
    • यह एक गतिशील प्रक्रिया है और यह समय के साथ नई प्रौद्योगिकियों, बाज़ार की गतिशीलता एवं भू-राजनीतिक विचारों के उभार के साथ विकसित हो सकती है।
    • विभिन्न देशों के पास अपनी विशिष्ट परिस्थितियों और प्राथमिकताओं के आधार पर महत्त्वपूर्ण खनिजों की अपनी विशिष्ट सूची हो सकती है।
    • खान मंत्रालय के तहत विशेषज्ञ समिति ने भारत के लिये 30 महत्त्वपूर्ण खनिजों के एक समूह की पहचान की है।