शिक्षक स्मृति पुरस्कार और राज्य शिक्षक सम्मान | 06 Sep 2021

चर्चा में क्यों?

5 सितंबर, 2021 को राज्यपाल अनुसुईया उइके के मुख्य आतिथ्य और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अध्यक्षता में शिक्षक दिवस के अवसर पर राजभवन में आयोजित राज्यस्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में राज्य के 54 शिक्षकों को राज्य शिक्षक पुरस्कार 2020 से और 4 शिक्षकों को प्रदेश के महान साहित्यकारों के नाम पर स्मृति पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

प्रमुख बिंदु

  • समारोह में राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिये चयनित 54 शिक्षकों में से प्रत्येक शिक्षक को प्रशस्ति-पत्र, शाल और 21 हज़ार रुपए की सम्मान निधि प्रदान की गई।
  • इसके अलावा प्रदेश की महान विभूतियों की स्मृति में दिये जाने वाले पुरस्कार से सम्मानित होने वाले प्रत्येक शिक्षक को प्रशस्ति-पत्र, शाल और 50 हज़ार रुपए की सम्मान निधि देकर सम्मानित किया गया। 
  • स्मृति पुरस्कारों की श्रेणी-
    • डॉ. पदुमलाल पुन्नालाल बक्शी स्मृति पुरस्कार- केशव राम वर्मा (प्रधान पाठक, पंचम दीवान शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, भाटापारा- बलौदाबाज़ार) 
    • डॉ. गजानन माधव मुक्तिबोध स्मृति पुरस्कार- चोवाराम वर्मा (व्याख्याता, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केसदा, सिमगा, बलौदाबाज़ार) 
    • डॉ. मुकुटधर पांडेय स्मृति पुरस्कार- विजय कुमार शर्मा, (प्रधान पाठक, शासकीय उच्चतर प्राथमिक शाला कसेकेरा बागबाहरा, महासमुंद)
    • डॉ. बलदेव प्रसाद मिश्र स्मृति पुरस्कार- कमलकिशोर ताम्रकार (शिक्षक, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला उसरीजोर, गरियाबंद) 
  • इसके अलावा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजधानी के आमापारा स्थित आर.डी. तिवारी शासकीय अंग्रेज़ी माध्यम स्कूल में आयोजित ‘शिक्षा मड़ई’ में कोरोना काल में बच्चों को शिक्षा से जोड़े रखने के लिये नवाचार करने वाले राज्य के 20 शिक्षकों को सम्मानित किया।