स्वामी राम का 26वां महासमाधि दिवस | 15 Nov 2021

चर्चा में क्यों?

13 नवंबर, 2021 को हिमालयन इंस्टीट्यूट हॉस्पिटल ट्रस्ट (HIHT) के संस्थापक स्वामी राम का 26 वां महासमाधि दिवस स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय (SRHU) में मनाया गया। इस अवसर पर केंद्रीय रक्षा और पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट मुख्य अतिथि थे।

प्रमुख बिंदु

  • इस सभा को संबोधित करते हुए, भट्ट ने कहा कि स्वामी राम ने 1989 में प्रेम और सेवा के सिद्धांतों द्वारा निर्देशित हिमालय संस्थान की स्थापना की थी। यह विश्वविद्यालय उन कुछ संस्थानों में से एक है जो एक ही छत के नीचे डॉक्टर, नर्स, इंजीनियर और प्रबंधन पेशेवर तैयार करता है। 
  • अपने संबोधन में विश्वविद्यालय के कुलपति विजय धस्माना ने ट्रस्ट की भविष्य की योजनाओं की जानकारी देते हुए एचआइएचटी के इतिहास पर बात की. उन्होंने कहा कि ट्रस्ट स्वामी राम के लक्ष्य के अनुरूप लोगों की सेवा के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
  • इस अवसर पर SRHU के स्टाफ सदस्यों को उनके प्रदर्शन के लिये विभिन्न पुरस्कार भी प्रदान किये गए। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय द्वारा होम स्टे के संचालन में प्रशिक्षित युवाओं को भी प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। 
  • धस्माना ने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा पहले चरण में राज्य के सभी ज़िलों के 100 युवाओं को प्रशिक्षण दिया गया है। ट्रस्ट का लक्ष्य लगभग 1,000 युवाओं को प्रशिक्षण देना है। इस अवसर पर विनोबा सेवा आश्रम को स्वामी राम मानव पुरस्कार प्रदान किया गया। 2003 से, HIHT अर्थव्यवस्था, पर्यावरण, विज्ञान, सामाजिक और आध्यात्मिक क्षेत्रों में सराहनीय कार्य के लिये किसी संगठन या व्यक्ति को यह पुरस्कार प्रदान कर रहा है। विनोबा सेवा आश्रम उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर क्षेत्र में लगभग 40 वर्षों से समाज सेवा के लिये समर्पित है।