स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण, 2022 में हरियाणा देश में दूसरे नंबर पर | 03 Oct 2022

चर्चा में क्यों?

2 अक्टूबर, 2022 को हरियाणा ने स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अंतर्गत 2021-22 में संपूर्ण स्वच्छता हेतु ओडीएफ स्थायित्व तथा ओडीएफ प्लस के विभिन्न घटकों के उत्कृष्ट क्रियान्वयन के लिये स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण, 2022 के आधार पर देश में दूसरा स्थान हासिल किया है।

प्रमुख बिंदु

  • हरियाणा ने यह स्थान देश में 30 लाख से अधिक जनसंख्या वाले राज्यों की श्रेणी में हासिल किया है।
  • विज्ञान भवन नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में हरियाणा राज्य की ओर से ये पुरस्कार राज्य के विकास एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से प्राप्त किया।
  • विकास एवं पंचायत मंत्री ने कहा कि इस अर्जित उपलब्धि में विकास एवं पंचायत विकास के अधिकारियों के साथ-साथ स्वच्छता सैनिकों, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा सामुदायिक सहयोग करने वाले लोगों व संस्थाओं का भी महत्त्वपूर्ण योगदान है।
  • उल्लेखनीय है कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से लेकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जन्मदिन 2 अक्टूबर तक पूरे देश में हर साल स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जाता है।
  • इसी अवधि के दौरान राज्य में भी जिला स्तरीय ‘स्वच्छता ही सेवा’कार्यक्रम चलाया गया। इसके अंतर्गत हर गाँव में स्वच्छता अभियान चलाए गए और लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करने व अपने परिवेश को साफ-सुथरा रखने के बारे में रैलियाँ, प्रभात फेरियोँ, हस्ताक्षर अभियान, सामुदायिक सहयोग व अन्य माध्यमों से जागरूक किया गया।
  • देवेंद्र सिंह बबली ने बताया कि भिवानी जिला पूरे देश के ग्रामीण स्वच्छता सर्वेक्षण में पहले स्थान पर आया है। भिवानी ज़िले के 22 गाँवों में बरसाती व गंदे पानी का विशेष स्ट्रक्चर बनाकर प्रबंधन किया गया है। इसके साथ-साथ ज़िले के विभिन्न गाँवों में अमृत सरोवर परियोजना के तहत 24 तालाबों का नवीनीकरण व सौंदर्यीकरण किया जा रहा है।
  • उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार शहरों की तर्ज पर गाँवों में भी हर घर से कूड़ा उठाने की दिशा में योजना भी बना रही है।