प्रदेश में पहली बार पर्यटक स्थलों का कराया जाएगा सर्वे | 12 Oct 2023

चर्चा में क्यों?

10 अक्तूबर, 2023 को उत्तराखंड पर्यटन विभाग के अपर सचिव युगल किशोर पंत ने बताया कि प्रदेश में विभिन्न क्षेत्रों में पर्यटन के लिये देश-दुनिया से आने वाले पर्यटकों का पहली बार सर्वे किया जाएगा। सर्वे से प्राप्त होने वाला डाटा भविष्य में पर्यटन विकास योजना बनाने में मददगार साबित होगा।

प्रमुख बिंदु

  • युगल किशोर पंत ने बताया कि सर्वे के दौरान पर्यटकों से कई सवालों पर जवाब लिया जाएगा। विदेशी और घरेलू पर्यटकों को राज्य में घूमने-फिरने के लिये सबसे ज़्यादा कौन-सा स्थान पसंद है? साथ ही धार्मिक व साहसिक समेत अन्य किन पर्यटन गतिविधियों के लिये उत्तराखंड आते हैं और उन्हें किस तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ा है? इसे जानने के लिये प्रदेश भर में अलग-अलग पर्यटन स्थलों पर सर्वे किया जाएगा।
  • हरिद्वार, ऋषिकेश, देहरादून, मसूरी, नैनीताल, भीमताल, लैंसडाउन, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत, अल्मोड़ा, उत्तरकाशी समेत प्रदेश के कई पर्यटक स्थलों पर सर्वे कराया जाएगा।
  • गौरतलब है कि हर साल लगभग पाँच करोड़ पर्यटक उत्तराखंड आते हैं। इनमें चारधाम यात्रा में आने वाले तीर्थयात्री भी शामिल हैं। गर्मियों की छुटिेयाँ बिताने, वीकेंड, नए साल का जश्न, राफ्टिंग, पर्वतारोहण, अध्यात्म के लिये देश-विदेश से पर्यटक यहाँ आते हैं।