वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. विनोद सोमानी हंस के कहानी संग्रह का विमोचन | 24 May 2023

चर्चा में क्यों?

23 मई, 2023 को अजमेर ज़िला कलक्टर डॉ. भारती दीक्षित ने हिन्दी एवं राजस्थानी भाषा के नामचीन वयोवृद्ध साहित्यकार डॉ. विनोद सोमानी हंस के नव प्रकाशित कहानी-संग्रह ‘चौराहे के तीन रास्ते’का विमोचन किया।  

प्रमुख बिंदु  

  • डॉ. विनोद सोमानी हंस की यह 34वीं कृति है। यह कृति उनकी जीवन संगिनी विद्या सोमानी को श्रद्धांजलि-स्वरूप समर्पित है। विद्या सोमानी स्वयं जीवनपर्यंत लेखिका,  प्रकाशक एवं समाजसेविका रहीं।   
  • डॉ. विनोद सोमानी हंस का लेखन आशा, विश्वास, दिशा बोधयुक्त व अध्यात्म से ओतप्रोत रहा है। पुस्तक ‘चौराहे के तीन रास्ते’उनकी 23 कहानियों का संग्रह है। हर एक कहानी सामान्य से लेकर खास व्यत्ति के जीवन से जुड़ी घटनाओं, पात्रों को रेखांकित करती है।  
  • कहानियों में मनोविश्लेषणात्मक एवं वास्तविकता स्पष्ट उभरती है तथा पाठक को कहानी अपनी-सी लगती है। पुस्तक की समीक्षा राजस्थानी लेखिका साहित्य संस्थान, जयपुर की सचिव डॉ.सुषमा शर्मा ने की है।  
  • कहानीकार का लेखन, भाषा शैली, कथानक कुछ इस तरह है कि कहानी पढ़ते हुए पाठक को यथार्थ प्रतीत होता है। उसके मन मस्तिष्क में फिल्म की सी रील चलने लगती है। पुस्तक के शीर्षक ‘चौराहे के तीन रास्ते’ प्रश्नचिह्र छोड़ती है। 
  • डॉ. विनोद सोमानी हंस देश के अनेक प्रतिष्ठित पुरस्कारों से अलंकृत किये गए हैं। पुस्तक की प्रस्तुति आकर्षक है। पुस्तक सभी वर्गों के लिये पठनीय है।