अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में करनाल में राज्यस्तरीय सम्मान समारोह | 11 Mar 2023

चर्चा में क्यों?

10 मार्च, 2023 को हरियाणा जनसंपर्क, सूचना एवं भाषा विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार राज्य के करनाल ज़िले में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में राज्यस्तरीय सम्मान समारोह  का आयोजन किया गया।

प्रमुख बिंदु

  • इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग की राज्यमंत्री कमलेश ढांडा ने बताया कि कार्यक्रम में 40 महिलाओं को विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने पर सम्मानित किया गया है, जबकि राष्ट्रीय बालिका दिवस अवॉर्डों के लिये बालिका उत्थान हेतु 62 अवॉर्ड दिये गए।
  • कार्यक्रम में पहला सुषमा स्वराज अवॉर्ड दिया गया, जिसमें पाँच लाख रुपए की राशि दी गई। इसके अलावा इंदिरा गांधी महिला शक्ति अवॉर्ड के तहत 1.50 लाख रुपए की राशि दी गई।
  • राज्यमंत्री कमलेश ढांडा ने बताया कि महिला दिवस समारोह में कल्पना चावला शौर्य अवॉर्ड, लाइफ टाइम अचीवर्स अवॉर्ड, एएनएम/नर्सिज/महिला एमपीडब्ल्यू को पुरस्कार, स्पोर्ट्स वूमेन अवॉर्ड, सरकारी कर्मचारी, सामाजिक कार्यकर्त्ता अवॉर्ड, महिला इंटरप्रेन्योर अवॉर्ड, स्त्री शक्ति अवॉर्ड, बेस्ट आंगनवाड़ी वर्कर्स को पुरस्कार दिये गए।
  • उल्लेखनीय है कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस समारोह में हरियाणा में शिक्षा, सांस्कृतिक, सेना, गायन, कला,  चिकित्सा, समाज कल्याण, जागृति जागरण, सशक्तीकरण, खेल, पर्वतारोहण, उड़ान समेत विभिन्न क्षेत्रों में प्रदेश का नाम रोशन करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाता है।
  • राज्यस्तरीय कार्यक्रम में प्रदेशभर से हज़ारों महिलाएँ शामिल हुई, जिनमें आंगनवाड़ी कार्यकर्त्ताओं सहित स्वयं सहायता समूहों की महिलाएँ भी शामिल हैं। समारोह में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किये गए उत्पादों की विशाल प्रदर्शनी भी लगाई गई।