राज्य स्तरीय पुरस्कार | 04 Dec 2021

चर्चा में क्यों?

3 दिसंबर, 2021 को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न श्रेणी के सर्वश्रेष्ठ दिव्यांग व्यक्तियों तथा दिव्यांगजन के हितार्थ कार्य कर रही सर्वश्रेष्ठ संस्थाओं को राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किये।

  • इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा संचालित विशेष विद्यालयों के शैक्षणिक सत्र 2020-21 में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा में उत्कृष्ट अंकों के साथ उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया।
  • इसके पूर्व, उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन कर अवलोकन किया तथा दिव्यांगजन को सहायक उपकरण भी वितरित किये। यह कार्यक्रम दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा आयोजित किया गया था।
  • मुख्यमंत्री द्वारा कार्यक्रम में सर्वश्रेष्ठ दिव्यांग कर्मचारी का पुरस्कार अजय कुमार (श्रवणबाधित), नागेंद्र कुमार (अस्थिबाधित), नीतू द्विवेदी (दृष्टिबाधित) को प्रदान किया गया।
  • वहीं दिव्यांगजन हेतु सर्वश्रेष्ठ नियोक्ता तथा सर्वश्रेष्ठ प्लेसमेंट अधिकारी या एजेंसी का पुरस्कार केपेबिल्टिी फाउंडेशन वाराणसी को प्रदान किया गया।
  • दिव्यांगजन के निमित्त कार्यरत सर्वश्रेष्ठ व्यक्ति का पुरस्कार डॉ. सी. तुलसीदास (व्यावसायिक), इरफाना तारिक (गैर व्यावसायिक), दिव्यांगजन के निमित्त कार्यरत प्रेम धाम चैरिटेबल सोसाइटी, बिजनौर (समावेशी शिक्षा के निमित्त), भागीरथ सेवा संस्थान, गाजियाबाद (समग्र पुनर्वास सेवा) को प्रदान किया गया।
  • प्रेरणास्रोत का पुरस्कार प्रो. मंगला कपूर (अस्थिबाधित), धीरज श्रीवास्तव (श्रवणबाधित), कु. जीया राय (मानसिक मंदित), सौरभ तिवारी (दृष्टिबाधित) को प्रदान किया गया
  • सर्वश्रेष्ठ सृजनशील वयस्क दिव्यांग व्यक्ति का पुरस्कार नव कुमार अवस्थी, सर्वश्रेष्ठ दिव्यांग खिलाड़ी का पुरस्कार रति मिश्रा (महिला), लव वर्मा (पुरुष), दिव्यांगजन के सशक्तीकरण हेतु कार्यरत कर्मचारी का पुरस्कार शगुन सिंह को प्रदान किया गया।