एकल महिलाओं को स्वरोज़गार के लिये परियोजना लागत पर 75% सब्सिडी देगी राज्य सरकार | 16 May 2023

चर्चा में क्यों?

15 मई, 2023 को उत्तराखंड की महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने मीडिया को बताया कि उत्तराखंड में एकल महिलाओं को स्वरोज़गार के लिये राज्य सरकार परियोजना लागत पर 75 प्रतिशत सब्सिडी देगी। 

प्रमुख बिंदु  

  • विभागीय मंत्री ने बताया कि 50 हज़ार से दो लाख रुपए तक की परियोजना पर यह सब्सिडी मिलेगी, जबकि, 25 प्रतिशत धनराशि बिना गारंटर के ऋण के रूप में दी जाएगी।  
  • विभागीय मंत्री ने बताया कि एकल महिलाओं के स्वरोज़गार के लिये निदेशालय स्तर पर प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। यह न्याय, वित्त और कार्मिक विभाग की मंजूरी के बाद अगली कैबिनेट में पेश किया जाएगा। 
  • विभागीय मंत्री ने कहा कि पहले साल में 500 महिलाओं को इस योजना से लाभान्वित किया जाएगा। राज्य में करीब डेढ़ लाख एकल महिलाएँ हैं। इसके अलावा आंगनबाड़ी कल्याण कोष से कार्यकर्त्ताओं को मिलने वाली 30 हज़ार रुपए की धनराशि को बढ़ाकर 50 हज़ार रुपए किया जाएगा। दोनों प्रस्तावों को अगली कैबिनेट में लाया जाएगा।  
  • मंत्री ने बताया कि राज्य में चार लाख एकल महिलाएँ हैं, लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर एकल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिये ‘एकल महिला स्वरोज़गार’ के नाम से जो योजना शुरू की जानी है, उस दायरे में करीब डेढ़ लाख महिलाएँ आएंगी। 
  • ये महिलाएँ पशुपालन, ब्यूटी पार्लर, चाय की दुकान आदि कोई भी स्वरोज़गार से जुड़ा काम कर सकेंगी।  
  • योजना का लाभ पाने के लिये महिला की उम्र 22 से 45 वर्ष और सालाना आय 72 हज़ार रुपए से कम होनी चाहिये।  
  • एकल महिलाओं में विधवा, तलाकशुदा, परित्यक्ता, अविवाहित महिलाओं के साथ ही किन्नर भी इस योजना के लिये पात्र होंगे।  
  • मंत्री ने बैठक में महालक्ष्मी किट का दायरा बढ़ाते हुए बालक के जन्म पर भी किट दिये जाने के लिये प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिये।