सीकरी की वर्षा को मिलेगा उत्तर प्रदेश राज्य शिक्षक पुरस्कार | 31 Aug 2023

चर्चा में क्यों? 

30 अगस्त, 2023 को मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार आगरा के फतेहपुर सीकरी ब्लॉक में तैनात वर्षा चाहर को उत्तर प्रदेश राज्य शिक्षक पुरस्कार, 2022 के लिये चुना गया है। उन्होंने अपने अथक् प्रयासों से विद्यालय को नई पहचान दिलाई है।

प्रमुख बिंदु  

  • आगरा की वर्षा चाहर फतेहपुर सीकरी ब्लॉक के पूर्व माध्यमिक विद्यालय, दाउदपुर की हेड हैं।
  • करीब 4 वर्ष पूर्व 2019 में, जब वर्षा इस विद्यालय में आई थीं, तो यहाँ पढ़ने वाले बच्चों का शैक्षिक स्तर सामान्य से भी नीचे था, लेकिन अपने अथक् प्रयासों से वर्षा ने न केवल विद्यालय, बल्कि स्कूल के छात्र-छात्राओं की पढ़ाई के स्तर में भी सुधार किया है। 
  • उनके प्रयासों से दाउदपुर का यह छोटा-सा, विद्यालय न केवल ‘मेरा विद्यालय मेरी पहचान’ जनपदस्तरीय प्रतियोगिता में पहला स्थान प्राप्त कर चुका है, बल्कि तमाम प्रतियोगिता में वर्षा खुद और उनके विद्यालय के बच्चे चयनित होकर आगरा का नाम रोशन कर रहे हैं।
  • विद्यालय की उपलब्धियाँ-
    • ‘मेरा विद्यालय मेरी पहचान’ जनपद स्तर में प्रथम (उत्कृष्ट विद्यालय का पुरस्कार)
    • राज्यस्तरीय पर्यावरण अर्थियन पुरस्कार, 2023
    • नेशनल मींस-कम-मेरिट स्कॉलरशिप (एनएमएमएस) छात्रवृत्ति प्रतियोगिता में 2022 में 2 बच्चे तथा 2023 में 5 बच्चे चयनित हुए।
    • श्रेष्ठा योजना में 5 बच्चों का चयन, जिनमें से 2 बच्चों को डीपीएस स्कूल मिल चुका है।
    • जनपदस्तरीय राष्ट्रीय विज्ञान आविष्कार प्रतियोगिता में 2022 तथा 2023 में विद्यालय के छात्रों का चयन।
  • वर्षा चाहर की उपलब्धियाँ-
    • राज्यस्तरीय अर्थियन पर्यावरण पुरस्कार, 2023 से सम्मानित।
    • जनपदस्तरीय कला क्राफ्ट पपेट्री प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर चयनित।
    • जनपदस्तरीय षष्ठम् कहानी सुनाओ प्रतियोगिता में प्रथम।
    • जनपदस्तरीय उत्कृष्ट अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित।