प्रदेश में बनेंगे सात पेनोरमा | 28 Aug 2023

चर्चा में क्यों?

26 अगस्त, 2023 को राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेश के 7 स्थानों पर पेनोरमा बनाए जाने के लिये 35 करोड़ रुपए की वित्तीय मंज़ूरी प्रदान की।

प्रमुख बिंदु

  • राज्य सरकार प्रदेश के गौरवमयी इतिहास को युवा पीढ़ी तक पहुँचाने के लिये महत्त्वपूर्ण निर्णय ले रही है। विभिन्न ज़िलों में पेनोरमा के निर्माण कराए जा रहे हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने 7 स्थानों पर पेनोरमा बनाए जाने के लिये 35 करोड़ रुपए की वित्तीय मंज़ूरी प्रदान की है।
  • मुख्यमंत्री की स्वीकृति से अजमेर में पृथ्वीराज चौहान पेनोरमा, जैसलमेर के पोकरण में इंदिरा महाशक्ति भारत पेनोरमा, भरतपुर के डीग में महाराजा सूरजमल पेनोरमा, जयपुर में स्वतंत्रता सेनानियों के पेनोरमा बनाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने इनके कार्यों के लिये 23 करोड़ रुपए की सैद्धांतिक सहमति दी है।
  • साथ ही, भीलवाड़ा के आसींद में बगड़ावत सवाईभोज पेनोरमा, करौली में कैला देवी पेनोरमा, जालौर में वीरमदेव कान्हड़देव चौहान का भी पेनोरमा तैयार होगा। मुख्यमंत्री गहलोत द्वारा 12 करोड़ रुपए की वित्तीय स्वीकृति दी गई है। यह राशि पर्यटन विभाग के माध्यम से पर्यटन विकास कोष से व्यय होगी।  
  • इन पेनोरमा से आमजन को अपने प्रेरणास्रोतों के अविस्मरणीय बलिदान, त्याग, साहस, स्वाभिमान और सामाजिक सरोकारों की जानकारी मिलेगी। यह पेनोरमा भावी पीढ़ी के लिये प्रेरणास्रोत साबित होंगे।