परिवार नियोजन सेवाओं में राष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान को द्वितीय पुरस्कार | 28 Jul 2022

चर्चा में क्यों?

27 जुलाई, 2022 को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय परिवार नियोजन सम्मेलन में परिवार कल्याण कार्यक्रम के तहत प्रदेश में महिलाओं के लिये परिवार नियोजन साधन ‘अंतरा गर्भनिरोधक इंजेक्शन’की सुलभ सेवाएँ सुनिश्चित करने की उपलब्धियों हेतु राजस्थान को राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कृत किया गया है।

प्रमुख बिंदु 

  • केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री डॉ.भारती प्रवीण पंवार ने यह पुरस्कार प्रदान किया है। राजस्थान को मिले द्वितीय स्थान का यह पुरस्कार निदेशक आरसीएच डॉ. के. एल. मीणा एवं परियोजना निदेशक परिवार कल्याण डॉ. गिरीश द्विवेदी ने ग्रहण किया।
  • राजस्थान के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के शासन सचिव डॉ. पृथ्वी ने बताया कि प्रदेश में परिवार कल्याण साधन अंतरा इंजेक्शन की सुलभ उपलब्धता, फालोअप एवं सघन मॉनिटरिंग हेतु अंतराराज एप्लीकेशन, ई-काउंसिलिंग, ई-लर्निंग मॉड्यूल को क्रियान्वित किया गया है। इसके परिणामस्वरूप अब तक प्रदेश में 5 लाख से अधिक महिलाओं ने इस साधन को अपनाया है। अब तक कुल 10 लाख अंतरा इंजेक्शन की डोज लगवाई गई हैं।
  • गौरतलब है कि अंतरा इंजेक्शन अनचाहे गर्भ को रोकने व बच्चों के बीच अंतर रखने का एक सुरक्षित अस्थायी गर्भनिरोधक विकल्प है। तीन माह के अंतराल में लगने वाला यह इंजेक्शन एक बार लगवाने पर तीन माह तक या 90 दिन तक अनचाहे गर्भ से छुटकारा देता है।