बिहार के समीर पांडे ऑस्ट्रेलिया में मेयर पद हासिल करने वाले पहले भारतीय बने | 24 May 2023

चर्चा में क्यों?

22 मई, 2023 को ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में सिटी ऑफ पैरामाटा काउंसिल ने भारतीय मूल (बिहार) के पार्षद समीर पांडेय को पैरामाटा शहर का लॉर्ड मेयर चुना है। समीर इस पद को हासिल करने वाले भारतीय मूल के पहले व्यक्ति हैं।  

प्रमुख बिंदु  

  • समीर पांडेय का चुनाव भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऑस्ट्रेलिया की यात्रा के साथ हुआ। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को समीर पांडेय के पहले भारतीय मूल के रूप में मेयर चुने जाने की जानकारी दी।
  • पैरामाटा न्यू साउथ वेल्स में सिडनी से सटा एक महत्त्वपूर्ण शहर है। पैरामाटा में भारतीय मूल के लोगों की संख्या काफी अधिक है और यह तेजी से बढ़ रही है। ढाई लाख से अधिक की आबादी वाले इस शहर में 11 फीसदी से भी अधिक लोग भारतीय मूल के हैं। 
  • करीब बीस साल पहले ऑस्ट्रेलिया पहुंचे समीर पांडेय आईटी विशेषज्ञ के साथ-साथ उद्योगपति हैं, जो एक इंजीनियर के रूप में ऑस्ट्रेलिया आये थे। वह लेबर पार्टी के सदस्य हैं और विधानसभा का चुनाव भी लड़ चुके हैं, जिसमें वह बहुत मामूली अंतर से हारे थे।  
  • 2017 में वह पहली बार पार्षद का चुनाव जीते थे और 2022 में वह दूसरी बार पार्षद बने। 2022 में ही समीर काउंसिल के डिप्टी मेयर चुने गये थे।