संत धन्ना भगत जयंती | 22 Apr 2025

चर्चा में क्यों?

राजस्थान के मुख्यमंत्री ने जयपुर ज़िले के फागी क्षेत्र की नोखा-नाड़ी स्थित संत धन्ना भगत जी की जन्मस्थली पर आयोजित जयंती महोत्सव में भाग लिया।

मुख्य बिंदु:

  • धन्ना भगत के बारे में:
    • वह एक रहस्यवादी कवि थे, जिनका जन्म 20 अप्रैल 1415 को हुआ था, तथा जिनके भजन आदि ग्रंथ में संकलित हैं।
    • उनकी स्मृति में स्थापित गुरुद्वारे आज भी आस्था के केंद्र बने हुए हैं, जो सिख समुदाय के श्रद्धालुओं को आकर्षित करते हैं।
  • जयंती महोत्सव के बारे में: 
    • इस अवसर पर उन्होंने संत की शिक्षाओं को आज के समय में भी प्रासंगिक बताते हुए राज्य सरकार की धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक योजनाओं की घोषणा की।
    • संत धन्ना भगत जी ने भक्ति मार्ग को अपनाकर मानव सेवा और कर्म की प्रधानता का संदेश दिया।
    • उन्होंने जात-पात का विरोध कर समाज में व्याप्त कुरीतियों को समाप्त करने हेतु साहित्य और उपदेशों के माध्यम से योगदान दिया।
    • धन्ना भगत जी को हिंदू और सिख समुदायों में समान श्रद्धा और सम्मान प्राप्त है।
    • मुख्यमंत्री ने संत को सामाजिक समानता, आध्यात्मिक जागरूकता और सरल जीवन का प्रतीक बताया।
  • राज्य सरकार की घोषणाएँ और पहल:
    • पुजारियों के मानदेय में वृद्धि करते हुए उसे ₹7500 प्रति माह किया गया।
    • मंदिरों में भोग की राशि ₹3000 प्रति माह तक बढ़ाई गई है।
    • धार्मिक स्थलों के उन्नयन हेतु ₹101 करोड़ तथा देवस्थान विभाग के अधीन राज्य के बाहर स्थित मंदिरों के लिये ₹60 करोड़ के कार्य स्वीकृत किये गए हैं।
    • वरिष्ठ नागरिकों की तीर्थ यात्रा योजना के तहत:
      • 6000 वरिष्ठजनों को हवाई मार्ग से यात्रा करवाई जाएगी।
      • 50,000 वरिष्ठजनों को AC ट्रेन से तीर्थ यात्रा कराई जाएगी।