रेनू भाटिया बनीं राज्य महिला आयोग की नई अध्यक्ष | 18 Jan 2022

चर्चा में क्यों?

17 जनवरी, 2022 को हरियाणा सरकार ने एनआईटी फरीदाबाद की रेनू भाटिया को राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति तीन वर्ष के लिये हुई है। 

प्रमुख बिंदु

  • महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रधान सचिव जी. अनुपमा ने उनकी नियुक्ति का आदेश जारी किया। इस नियुक्ति के साथ ही एक साल से खाली चला आ रहा महिला आयोग अध्यक्ष का पद भर गया है।
  • इससे पहले महिला आयोग की अध्यक्ष का कार्यभार आयोग की उपाध्यक्ष प्रीति भारद्वाज संभाल रही थीं। प्रीति भारद्वाज को पुनः राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है तथा उनका कार्यकाल एक वर्ष बढ़ाया गया है। दोनों ही पदों पर नियुक्ति के नियम व शर्तें बाद में जारी की जाएंगी। 
  • रेनू भाटिया भाजपा नेत्री एवं फरीदाबाद निवासी हैं। वो काफी लंबे समय से भाजपा में सक्रिय हैं और वह फरीदाबाद नगर निगम की डिप्टी मेयर भी रह चुकी हैं।
  • राज्य आयोग की पूर्व अध्यक्ष प्रतिभा सुमन के बाद प्रीति भारद्वाज ने ही कार्यकारी अध्यक्ष का ज़िम्मा संभाला था। उन्होंने अनेक मामलों में स्वत: संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की, जिसमें विधानसभा सत्र के दौरान विपक्ष के प्रदर्शनों में महिला अधिकारों के हनन का मामला भी शामिल रहा।