रेलवे ने ओबैदुल्ला खान हॉकी कप टूर्नामेंट जीता | 28 Mar 2022

चर्चा में क्यों?

27 मार्च, 2022 को भारतीय रेलवे की पुरुष हॉकी टीम ने मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित ओबैदुल्ला खान हेरिटेज हॉकी कप टूर्नामेंट जीत लिया। फाइनल मुकाबले में रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड (आरएसपीबी) की टीम ने आर्मी इलेवन को 2 गोल से पराजित किया।

प्रमुख बिंदु 

  • यह प्रतिष्ठित हॉकी टूर्नामेंट भोपाल के मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में 21 मार्च से 27 मार्च, 2022 तक खेला गया, जिसमें एक दर्जन टीमों ने भाग लिया।
  • वर्ष 1931 में ओबैदुल्ला गोल्ड कप के रूप में शुरू हुआ यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट कई दशकों से चल रहा है और अपनी खेल यात्रा के दौरान इसने कई अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों का सृजन किया है। 
  • यह प्रतियोगिता आखिरी बार वर्ष 2016 में खेली गई थी और इस साल छह वर्ष के अंतराल के बाद इसे फिर आयोजित किया गया था। पिछली बार वर्ष 2016 में यह टूर्नामेंट बीपीसीएल ने जीता था और रेलवे की टीम उपविजेता रही थी। 
  • ‘मैन ऑफ द फाइनल मैच’ रेलवे के जोगिंदर, बने। वहीं ‘सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर’ जसजीत और ‘सर्वश्रेष्ठ मिड फील्डर’ नियाज रहीम रहे। रेलवे टीम के अर्जुन को ‘मैन ऑफ द टूर्नामेंट’ चुना गया। 
  • उल्लेखनीय है कि भारतीय रेलवे में लगभग 3000 सक्रिय पुरुष और महिला खिलाड़ी हैं। रेलवे के पास आरसीएफ, कपूरथला में समर्पित हॉकी अकादमी सहित देश भर में एक विशाल खेल बुनियादी ढाँचा है।
  • 2020 टोक्यो ओलंपिक में चौथा स्थान हासिल करने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम की कुल 16 खिलाड़ियों में से 12 खिलाड़ी रेलवे से चुनी गई थी। ओलंपिक में भारतीय पुरुष हॉकी टीम में भी भारतीय रेलवे के दो खिलाड़ी थे।
  • गौरतलब है कि वर्ष 2021-22 के दौरान आरएसपीबी पुरुष हॉकी टीम ने राष्ट्रीय स्तर के 5 टूर्नामेंट में भाग लिया है और पाँचों टूर्नामेंट का फाइनल मैच खेला है।