छत्तीसगढ़ में रबी फसलों की लक्ष्य से अधिक बोनी | 10 Apr 2023

चर्चा में क्यों?

8 अप्रैल, 2023 को छत्तीसगढ़ जनसंपर्क विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार प्रदेश में इस साल रबी के रकबे में 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी का लक्ष्य हासिल करने के साथ ही 19.36 लाख हेक्टेयर में रबी फसलों की बोनी हो चुकी है, जो कि रबी सीजन के लिये निर्धारित लक्ष्य का 101 प्रतिशत है।

प्रमुख बिंदु 

  • गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में बीते रबी सीजन में 18.30 लाख हेक्टेयर में खेती की गई थी। इस साल रबी रकबे में 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ ही कुल 19.25 लाख हेक्टेयर में बोआई का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
  • कृषि विभाग से मिली जानकारी के अनुसार राज्य में 19.36 लाख हेक्टेयर में रबी फसलों की बुआई हो चुकी है, जो कि बीते साल रबी के रकबे से 5.77 प्रतिशत अधिक है।
  • राज्य में दलहन फसलों को प्रोत्साहन तथा समर्थन मूल्य पर खरीदी की व्यवस्था के चलते किसानों का रूझान इसकी खेती की ओर काफी तेजी से बढ़ा है। चालू रबी सीजन में दलहन फसलों की बुआई 8.65 लाख हेक्टेयर में की जा रही है, जो कि इस साल रबी फसलों की खेती के लिये प्रस्तावित रकबे का 45 फीसदी है।
  • छत्तीसगढ़ में अब तक अनाज की बोनी 5.97 लाख हेक्टेयर में, दलहन की बोनी 8.14 लाख हेक्टेयर में और तिलहन की बोनी 2.84 लाख हेक्टेयर में, गन्ना की 42 हज़ार 410 हेक्टेयर और साग-सब्जी एवं अन्य फसलों की लगभग 2 लाख हेक्टेयर हो चुकी है।
  • राज्य में 2.71 लाख हेक्टेयर में गेहूँ, 1.71 लाख हेक्टेयर में मक्का, 35 हज़ार हेक्टेयर में रागी, 11 हज़ार हेक्टेयर में जौ-ज्वार एवं अन्य फसलें और 1.55 लाख हेक्टेयर में मोटे अनाज की बोनी पूरी कर ली गई है।
  • इस प्रकार राज्य में 5.97 लाख हेक्टेयर में अनाज फसलों की बोनी पूरी कर ली गई है, जो कि रबी सीजन में अनाज फसलों की बोनी के लिये निर्धारित लक्ष्य 4.36 लाख हेक्टेयर का 137 प्रतिशत है।
  • इस तरह दलहनी फसलों की बुआई 8.14 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, जिसमें चना की 3.86 लाख हेक्टेयर में, मटर की 55 हज़ार हेक्टेयर में, मसूर की 34 हज़ार हेक्टेयर में, मूंग की 31 हज़ार हेक्टेयर में, उड़द की 27 हज़ार हेक्टेयर में, तिवड़ा की 2.50 लाख हेक्टेयर में, कुल्थी की 23 हज़ार हेक्टेयर में तथा अन्य दलहन फसलों की 7 हज़ार हेक्टेयर में बुआई पूरी कर ली गई है, जो कि दलहन फसलों की बोनी के लिये निर्धारित लक्ष्य का 94 प्रतिशत है।
  • इसी प्रकार राज्य में अब तक तिलहनी फसलों की बुआई 2.84 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, जिसके अंतर्गत अलसी की बुआई 46 हज़ार 190 हेक्टेयर में, राई सरसों की 2 लाख हेक्टेयर में, तिल की 1370 हेक्टेयर में, सूरजमुखी 2960 हेक्टेयर, कुसुम की 6960, मूंगफली की 25,630 तथा अन्य तिलहनी फसल की बोनी 160 हेक्टेयर में पूरी हो चुकी है, जो कि तिलहन फसलों की बोनी के लक्ष्य का 75 प्रतिशत है।