‘राजस्थान सूक्ष्म सिंचाई योजना’ के अंतर्गत लगभग 463 करोड़ रुपए के प्रस्ताव को मंजूरी | 10 Apr 2023

चर्चा में क्यों?

8 अप्रैल, 2023 को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेश में सूक्ष्म सिंचाई व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ बनाने हेतु डिग्गी, फार्म पौंड एवं सिंचाई पाइपलाइन आदि कार्यों के लिये ‘राजस्थान सूक्ष्म सिंचाई योजना’के अंतर्गत लगभग 463 करोड़ रुपए के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की।

प्रमुख बिंदु 

  • आगामी 2 वर्षों में फार्म पौंड निर्माण के लिये 30 हज़ार किसानों को लाभान्वित करने के लक्ष्य को बढ़ाकर 50 हज़ार किया गया है। इस पर कुल 261.75 करोड़ रुपए खर्च होंगे।
  • योजना में अनुसूचित जाति-जनजाति के गैर लघु-सीमांत कृषकों को भी अब लघु-सीमांत किसानों के समान 10 प्रतिशत अतिरिक्त अनुदान मिलेगा।
  • किसानों को प्रोत्साहित करने एवं संबल प्रदान करने के लिये प्लास्टिक लाईनिंग फार्म पौंड निर्माण हेतु अनुदान सीमा को भी 90 हज़ार से बढ़ाकर 1.20 लाख रुपए किया गया है।
  • आगामी 2 वर्षों में 40 हज़ार किसानों को 16 हज़ार किमी. सिंचाई पाइपलाइन के लिये अनुदान दिया जाएगा। इस पर वर्ष 2023-24 में 43.20 करोड़ रुपए व्यय किये जाएंगे। वहीं, 5000 डिग्गियों के निर्माण पर वर्ष 2023-24 में 158 करोड़ रुपए व्यय होंगे।
  • उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा बजट 2023-24 में सिंचाई के जल की उपलब्धता एवं सूक्ष्म सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने संबंधी घोषणाएँ की गई थीं।