नदबई एवं लवाण के आयुर्वेद औषधालय को ब्लॉक आयुष चिकित्सालय में क्रमोन्नत करने के प्रस्ताव को मंजूरी | 17 May 2023

चर्चा में क्यों?

15 मई, 2023 को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने निरोगी राजस्थान की संकल्पना में आयुर्वेद की महत्त्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए भरतपुर ज़िले के नदबई एवं दौसा ज़िले के लवाण के आयुर्वेद औषधालय को ब्लॉक आयुष चिकित्सालय में क्रमोन्नत करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। 

प्रमुख बिंदु  

  • मुख्यमंत्री ने इन चिकित्सालयों में 41 नवीन पदों के सृजन के लिये भी स्वीकृति दी है। नवीन सृजित पदों में आयुर्वेद चिकित्साधिकारी विशेषज्ञ, यूनानी चिकित्साधिकारी, होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी, वरिष्ठ आयुर्वेद नर्स, कनिष्ठ आयुर्वेद नर्स, कनिष्ठ यूनानी नर्स, कनिष्ठ होम्योपैथिक नर्स, कनिष्ठ सहायक के पद शामिल हैं। 
  • इनके अलावा परिचारक, गार्ड, माली एवं पाचक की सेवाएँ संविदा से ली जाएंगी। 
  • मुख्यमंत्री ने अजमेर के केकड़ी में राजस्थान राज्य आयुष अनुसंधान केंद्र के भवन निर्माण की भी मंजूरी दी है। इस कार्य में 8 करोड़ रुपए व्यय होंगे।  
  • मुख्यमंत्री के इस निर्णय से आयुष चिकित्सा पद्धतियों के माध्यम से स्वास्थ्य संवर्धन एवं रोगों के उपचार के लिये बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। 
  • उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री द्वारा बजट में इस संबंध में घोषणा की गई थी।