नेतरहाट व पतरातू में योग एवं आयुष केंद्र खोलने के प्रस्ताव को स्वीकृति | 17 May 2023

चर्चा में क्यों?

15 मई, 2023 को झारखंड आयुष मंत्रालय के सचिव वैद्य राजेश कोटेचा की अध्यक्षता में वित्तीय वर्ष 2023-24 की वार्षिक कार्ययोजना की स्वीकृति को लेकर हुई बैठक में राज्य के नेतरहाट एवं पतरातू में योग एवं आयुष केंद्र खोलने के प्रस्ताव स्वीकृति दी गई। 

प्रमुख बिंदु  

  • इस बैठक में नेतरहाट एवं पतरातू में योग एवं आयुष केंद्र खोलने के प्रस्ताव के साथ ही  झारखंड आयुष को लेकर कुल 59.36 करोड़ की राशि की कुल चार नई योजनाओं सहित अठारह योजनाओं की स्वीकृति प्रदान की गई।  
  • विदित है कि पिछले वर्ष भी भारत सरकार के द्वारा 50 शय्यायुक्त आयुष धन्वंतरि अस्पताल राँची एवं पूर्वी सिंहभूम के 5 तथा 10 शय्यायुक्त आयुष धन्वंतरि अस्पताल गुमला, पलामू, देवघर, दुमका एवं बोकारो ज़िले में स्वीकृत किये गए थे।  
  • आयुष मंत्रालय का लक्ष्य राज्य के ग्रामीण क्षेत्र के अंतिम व्यक्ति तक आयुष चिकित्सा पहुँचाने के लिये कुल 745 आयुष हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर खोलना है। अब तक 550 आयुष हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर खोले जा चुके हैं। शेष आयुष हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर सिंतबर 2023 तक खोले जाएंगे। 
  • अब तक भारत सरकार द्वारा झारखंड को कुल 85.38 करोड़ की राशि प्राप्त हुई है। इसमें 4.77 करोड़ की राशि की उपयोगिता प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया।