राष्ट्रपति ने गायत्री देवी यादव को जल योद्धा श्रेणी से किया सम्मानित | 06 Mar 2023

चर्चा में क्यों?

4 मार्च, 2023 को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित ‘स्वच्छ सुजल शक्ति’ सम्मान समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राजस्थान में जल महिला की भूमिका निभा रही स्वयंसेवी गायत्री देवी यादव को जल योद्धा श्रेणी से सम्मानित किया।

प्रमुख बिंदु

  • गायत्री देवी को यह पुरस्कार राजस्थान के जयपुर के सांभर ब्लॉक इलाके में फार्म पॉन्ड बनाने के लिये ग्रामीण महिला स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से किये गए उत्कृष्ट कार्यो के लिये सम्मानित किया गया है।
  • उल्लेखनीय है कि गायत्री देवी यादव ने पिछले कई वर्षों से जयपुर की ग्राम चेतना केंद्र संस्था के साथ मिलकर सांभर ब्लॉक के करीब 68 गांव में 65 महिला स्वयं सहायता समूह बनाकर वर्षा जल संचयन और संरक्षण के लिये उत्कृष्ट कार्य किये तथा ग्रामीण इलाकों में महिलाओं को जल साक्षर बनाने में महत्त्वपूर्ण योगदान दिया।
  • ग्राम चेतना केंद्र संस्था के सदस्य बंसी लाल मीणा ने बताया कि गायत्री देवी यादव ने महिला स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से वर्षा जल के संचयन और स्वच्छ जल प्रबंधन के लिये राज्य सरकार और केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने में मदद करने का काम किया।
  • उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण इलाकों में फार्म पॉन्ड (तलाई) के माध्यम से वर्षा जल को एकत्रित करके उसको पीने और खेती में उपयोग करने लायक बनाने तथा बेहतर जल प्रबंधन करने के लिये ग्रामीणों को प्रशिक्षित किया।
  • गायत्री देवी द्वारा ग्रामीण महिलाओं को शुद्ध पीने के पानी तथा संचित वर्षाजल से दूसरी फसल लेने के लिये प्रशिक्षित करने के महत्त्वपूर्ण कामों से ग्रामीण इलाकों में परिवारों का पलायन रुका तथा उनकी आमदनी में वृद्धि हुई, इससे ग्रामीण महिलाओं को सम्मानपूर्ण जीवन जीने का मौका मिला।