राष्ट्रपति ने कोडरमा ज़िला प्रशासन को दिया डिजिटल इंडिया अवार्ड | 09 Jan 2023

चर्चा में क्यों?

7 जनवरी, 2023 को नयी दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ग्रास रूट लेवल पर आम लोगों खासकर युवाओं को कंप्यूटर की जानकारी उपलब्ध करवाने को लेकर किये गए बेहतर कार्य के लिये झारखंड के कोडरमा ज़िला प्रशासन को डिजिटल इंडिया अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान कोडरमा के डीसी आदित्य रंजन ने ग्रहण किया।

प्रमुख बिंदु 

  • ज्ञातव्य है कि कोडरमा झारखंड का एकमात्र ज़िला है, जिसे यह सम्मान मिला है।
  • जानकारी के अनुसार डीसी आदित्य रंजन की पहल पर पाँच सितंबर, 2021 को समाहरणालय परिसर में ज़िले का पहला डीईजीएस कंप्यूटर बेसिक ट्रेनिंग सेंटर की शुरुआत हुई थी। इस सेंटर को मिले अच्छे रिस्पॉन्स के बाद मरकच्चो प्रखंड को छोड़कर कोडरमा, झुमरीतिलैया, सतगावाँ, डोमचांच, चंदवारा व जयनगर में इस केंद्र की शुरुआत की गई। दो अन्य केंद्र की शुरुआत चार जनवरी को की गई थी।
  • कोडरमा के डीसी आदित्य रंजन ने बताया कि वर्तमान में चल रहे आठ डीईजीएस कंप्यूटर बेसिक ट्रेनिंग सेंटर की संख्या बढ़ाकर जल्द 11 की जाएगी। इसके अलावा प्रत्येक वर्ष करीब 20 हज़ार लोगों को डिजिटल साक्षर बनाने की दिशा में इन सेंटरों के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जाएगा।
  • सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय भारत सरकार ने इस कॉन्सेप्ट के तहत हुए कार्य को देखते हुए डिजिटल इंडिया अवार्ड देने के लिये कोडरमा का चयन किया था। कोडरमा डीसी आदित्य रंजन ने आठ दिसंबर को दिल्ली में बेसिक ट्रेनिंग सेंटर की योजना को ज्यूरी के समक्ष रखा था।
  • उल्लेखनीय है कि डिजिटल इंडिया अवार्ड को लेकर सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय भारत सरकार ने 2022 में आवेदन आमंत्रित किये थे। इसके लिये हज़ारों की संख्या में नॉमिनेशन हुए थे।
  • सात अलग-अलग कैटेगरी में दिये जाने वाले अवार्ड को लेकर हुए फर्स्ट राउंड के शार्ट लिस्ट में 100 से ज्यादा प्रोजेक्ट को जगह मिली थी। इसके बाद नौ सदस्यों की ज्यूरी के समक्ष सभी ने अपना प्रेजेंटेशन दिया था।