हरियाणा के बिजली निगमों ने ए+ ग्रेड हासिल कर किया श्रेष्ठ प्रदर्शन | 26 Apr 2023

चर्चा में क्यों?

  • 25 अप्रैल, 2023 को हरियाणा के बिजली मंत्री चौधरी रणजीत सिंह ने बताया कि राज्य सरकार की बेहतरीन नीतियों की बदौलत प्रदेश की दोनों बिजली वितरण कंपनियों ने राष्ट्रीय स्तर पर ए+ ग्रेड हासिल कर श्रेष्ठ प्रदर्शन किया है।

प्रमुख बिंदु

  • इस उपलब्धि में ‘बिजली चोरी पकड़ो अभियान’एवं ‘म्हारा गाँव जगमग गाँव’योजना का विशेष योगदान रहा है, क्योंकि इनसे बिजली कंपनियों के राजस्व में काफी बढ़ोतरी हुई है।
  • उल्लेखनीय है कि केंद्रीय विद्युत मंत्रालय ने हाल ही में बिजली वितरण कंपनियों की 11वीं एकीकृत वार्षिक रिपोर्ट जारी की है जिसमें हरियाणा की दोनों बिजली वितरण कंपनियों (यूएचबीवीएन और डीएचबीवीएन) ने पिछली एकीकृत वार्षिक रिपोर्ट में सुधार करते हुए अभूतपूर्व प्रदर्शन किया है।
  • वर्तमान रिपोर्ट में भारत भर से 43 राज्य डिस्कॉम, 8 निजी डिस्कॉम और 12 बिजली विभागों को शामिल किया गया था।
  • बिजली वितरण निगमों के चेयरमैन पी.के. दास ने बताया कि यूएचबीवीएन और डीएचबीवीएन दोनों को ए+ ग्रुप में रखा गया है। डीएचबीवीएन ने अपने मूल्यांकन में 85.71 से 89.30 तक सुधार किया है और इसे 9वें स्थान पर रखा गया है।
  • इसके अलावा यूएचबीवीएन ने अपने मूल्यांकन में 74.70 से 87.60 तक सुधार किया है और इसे 10वें स्थान पर रखा गया है।
  • यूएचबीवीएन ने पिछली रेटिंग में सुधार करते हुए 14वें स्थान से 10वाँ स्थान हासिल किया है। इसी प्रकार डीएचबीवीएन ने पिछली रेटिंग में सुधार करते 12वें स्थान से 9वाँ स्थान हासिल किया है।