प्रदेश में 11 से 24 जुलाई तक ‘जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा’ | 11 Jul 2023

चर्चा में क्यों?

10 जुलाई, 2023 को छत्तीसगढ़ जनसंपर्क विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार परिवार नियोजन के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से राज्य शासन के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा 11 जुलाई से 24 जुलाई तक ‘जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा (परिवार नियोजन पखवाड़ा)’ चलाया जाएगा। 

प्रमुख बिंदु  

  • इस दौरान ग्राम स्तर से लेकर ज़िला स्तर तक विशेष अभियान चलाकर पुरूष एवं महिला नसबंदी के प्रति फैली अज्ञानता व भ्रांतियों को दूर किया जाएगा।  
  • पखवाड़े के दौरान ए.एन.एम. और मितानिनें घर-घर जाकर चिन्हांकित हितग्राहियों को परिवार नियोजन के स्थायी व अस्थायी साधनों के बारे बताएंगी। हितग्राहियों को जरूरी परामर्श और परिवार नियोजन की सेवाएँ भी इस दौरान प्रदान की जाएंगी।   
  • स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में परिवार कल्याण के उप संचालक डॉ. टी.के. टोंडर ने बताया कि सभी शासकीय स्वास्थ्य केंद्रों में परिवार नियोजन के साधन नि:शुल्क उपलब्ध हैं। इनमें पुरूष एवं महिला नसबंदी, निरोध, गर्भ निरोधक गोली, इंजेक्शन, कॉपर-टी जैसी सुविधाएँ शामिल हैं।  
  • डॉ. टोंडर ने बताया कि सभी ज़िला चिकित्सालयों, चिन्हांकित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा मान्यता प्राप्त निजी चिकित्सालयों में एन.एस.व्ही. की सुविधा उपलब्ध है।  
  • शासकीय स्वास्थ्य केंद्रों में नसबंदी के बाद पुरूष हितग्राहियों को तीन हज़ार रुपए और महिला हितग्राहियों को दो हज़ार रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाती है।