हरियाणा की पूजा शर्मा ‘नारी शक्ति पुरस्कार’से सम्मानित | 10 Mar 2022

चर्चा में क्यों?

8 मार्च, 2022 को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने महिला सशक्तीकरण की दिशा में असाधारण कार्य करने वाली हरियाणा की पूजा शर्मा को ‘नारी शक्ति पुरस्कार’से सम्मानित किया। 

प्रमुख बिंदु 

  • राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक विशेष समारोह में राष्ट्रपति ने देश भर की 29 महिलाओं को ‘नारी शक्ति पुरस्कार’से सम्मानित किया। वर्ष 2020 और 2021 के लिये 14-14 पुरस्कार दिये गए तथा एक पुरस्कार संयुक्त रूप से दो महिलाओं को प्रदान किया गया।
  • ये पुरस्कार उद्यमशीलता, कृषि, नवाचार, सामाजिक कार्य, कला, दस्तकारी, वन्यजीव संरक्षण, भाषा विज्ञान, मर्चेंट नेवी, शिक्षा, साहित्य, स्टेम (विज्ञान, तकनीक, इंजीनियरिंग, गणित) और दिव्यांगजन अधिकार के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को दिये गए।
  • हरियाणा के गुरुग्राम की किसान और उद्यमी पूजा शर्मा को कौशल विकास एवं महिला सशक्तीकरण और उद्यमशीलता के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिये वर्ष 2021 के नारी शक्ति पुरस्कार से सम्मानित किया गया। 
  • पूजा शर्मा ने 2013 में गुड़गाँव (गुरुग्राम) स्थित स्वयं सहायता समूह ‘क्षितिज’और 2017 में दिल्ली स्थित ‘जिंगएनजेस्ट’कंपनी बनाई।
  • उन्होंने संसाधित सोया, सोया स्वास्थ्य पेय, बिस्कुट और अन्य सोयानट आइटम बनाने बनाने के लिये IARI मानकीकृत तकनीक का इस्तेमाल किया।
  • उन्होंने 9 स्व-सहायता समूह (SHG) की स्थापना की और हरियाणा में 1,000 से अधिक महिलाओं को प्रशिक्षित किया। उनकी खाद्य निर्माण इकाइयाँ लगभग 150 महिलाओं को रोज़गार देती हैं।
  • 2016 में, ICAR ने उन्हें ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय कृषि पुरस्कार’और ‘नवोन्मेषी कृषि सम्मान’से सम्मानित किया था।
  • उल्लेखनीय है कि कमज़ोर और हाशिये पर रहने वाली महिलाओं के सशक्तीकरण की दिशा में असाधारण और उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को हर वर्ष नारी शक्ति पुरस्कार से सम्मानित किया जाता है। कोरोना महामारी के कारण 2020 का नारी शक्ति पुरस्कार समारोह आयोजित नहीं हो पाया था।