मुख्यमंत्री ने गोरखपुर से किया पोलियो अभियान का शुभारंभ | 21 Mar 2022

चर्चा में क्यों?

20 मार्च, 2022 को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में पाँच वर्ष तक की उम्र के बच्चों को पोलियो से बचाने के लिये गोरखपुर से पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया।

प्रमुख बिंदु

  • एक हफ्ते तक चलने वाले इस अभियान के तहत पाँच साल तक की उम्र के 3.80 करोड़ बच्चों को पल्स पोलियो ड्रॉप पिलाई जाएगी। इसके लिये 1.10 लाख बूथ बनाए गए हैं। साथ ही 76 हज़ार सचल टीमें गठित की गई हैं।
  • मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 2012 के बाद से और भारत में 2011 के बाद से पोलियो का एक भी केस नहीं मिला है।
  • गौरतलब है कि सामूहिकता के बल पर ‘फोर टी’ (ट्रेस, टेस्ट, ट्रीट और टीकाकरण) फॉर्मूले को अपनाकर उत्तर प्रदेश वैश्विक महामारी कोरोना के प्रबंधन में पूरे देश में अग्रणी है।
  • उल्लेखनीय है कि भारत ने विश्व स्वास्थ्य सभा (WHA) के वैश्विक पोलियो उन्मूलन पहल के परिणामस्वरूप 2 अक्टूबर, 1994 को दिल्ली में पोलियो टीकाकरण की शुरुआत की थी तथा 1995 में पल्स पोलियो टीकाकरण (PPI) कार्यक्रम पूरे देश में शुरू किया गया।
  • इस कार्यक्रम के तहत 5 वर्ष से कम आयु के सभी बच्चों को पोलियो समाप्त होने तक हर वर्ष ओरल पोलियो टीके (OPV) की दो खुराकें दी जाती हैं।