इंदौर और भोपाल में लागू होगी पुलिस कमिश्नर प्रणाली | 22 Nov 2021

चर्चा में क्यों?

21 नवंबर, 2021 को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्य प्रदेश के दो बड़े नगरों-भोपाल और इंदौर में पुलिस आयुक्त प्रणाली (पुलिस कमिश्नर सिस्टम) प्रारंभ करने का निर्णय लिया। 

प्रमुख बिंदु

  • मुख्यमंत्री ने कहा प्रदेश की राजधानी भोपाल और देश के स्वच्छतम शहर व्यावसायिक राजधानी इंदौर में बढ़ती जनसंख्या, भौगोलिक विस्तार और तकनीक के कारण भी उत्पन्न हुई कानून-व्यवस्था संबंधी आवश्यकताओं को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
  • भोपाल एवं इंदौर के साथ ही प्रदेश में पुलिस और प्रशासन ने मिलकर कई उपलब्धियाँ हासिल की हैं, लेकिन शहरी जनसंख्या तेजी से बढ़ रही है। भौगोलिक दृष्टि से भी महानगरों का विस्तार हो रहा है। इसलिये कानून और व्यवस्था की कुछ नई समस्याएँ पैदा हो रही हैं। उनके समाधान और अपराधियों पर नियंत्रण के लिये दो नगरों में पुलिस आयुक्त प्रणाली लागू करने का फैसला लिया गया है।
  • उल्लेखनीय है कि इंदौर और भोपाल प्रदेश के 2 बड़े महानगर हैं। अपराधियों पर और बेहतर नियंत्रण करने के लिये पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू की जा रही है। पहले से अच्छी कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाने का कार्य इस प्रणाली से होगा।