प्रधानमंत्री ने रेलवे परियोजनाओं का अनावरण किया | 27 Feb 2024

चर्चा में क्यों?

हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 3,276 करोड़ रुपए की रेलवे परियोजनाओं की घोषणा की, जिसमें मध्य प्रदेश के लिये 33 स्टेशनों का नवीनीकरण भी शामिल है।

मुख्य बिंदु:

  • पुनर्विकास के लिये चिह्नित स्टेशनों में भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, सीहोर, बीना, सांची, मंदसौर, छिंदवाड़ा, दतिया और भिंड शामिल हैं।
  • अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत इन स्टेशनों को स्थानीय कला और संस्कृति के तत्त्वों से सजाया जाएगा।
    • 492 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट में इंदौर रेलवे स्टेशन को सात मंज़िला इमारत में तब्दील किया जाएगा। पुनर्निर्मित स्टेशन वर्ष 2027 तक चालू हो जाएगा।
    • आवंटित राशि से 33 स्टेशनों पर पुनर्विकास कार्य होगा, जिसमें भोपाल मंडल के 11 स्टेशन शामिल हैं।
  • 133 रोड ओवरब्रिज और अंडरपास का शिलान्यास किया जाएगा। इन कार्यों में पाँच स्टेशनों का पुनर्विकास और भोपाल मंडल में चार रोड ओवरब्रिज तथा दो अंडरपास का निर्माण शामिल होगा।

अमृत भारत स्टेशन योजना

  • अमृत भारत स्टेशन योजना का लक्ष्य देश भर में 1309 स्टेशनों का पुनर्विकास करना है।
  • यह पुनर्विकास आधुनिक यात्री सुविधाएँ प्रदान करने के साथ-साथ इंटर-मोडल एकीकरण तथा यात्रियों के लिये सुव्यवस्थित दिशा-निर्देश की सुविधा प्रदान करने के लिये साइनेज़ (संकेतों के माध्यम से) सुविधा भी सुनिश्चित करेगा।
    • यह योजना रेल मंत्रालय द्वारा फरवरी 2023 में शुरू की गई थी।