देश में CBDC का इस्तेमाल करने वाला पहला नगर निगम बना पटना | 24 May 2023

चर्चा में क्यों?

23 मई, 2023 को मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार बिहार के पटना नगर निगम के महापौर, उप महापौर एवं नगर आयुक्त ने भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा निर्मित डिजीटल करेंसी ई-रुपए का शुभारंभ किया, जिससे अब इस डिजीटल करेंसी का उपयोग संपूर्ण पटना नगर निगम क्षेत्र में किया जाएगा। 

प्रमुख बिंदु  

  • नगर निगम मुख्यालय मौर्यालोक परिसर में पूरी तरह से इस पेमेंट सिस्टम को अपनाया जाएगा। इसके साथ ही पटना नगर निगम के सभी अंचल एवं पेमेंट काउंटरों पर भी इसका उपयोग किया जाएगा। 
  • गौरतलब है कि भारत में सीबीडीसी (सेंट्रल बैंक डिजीटल करेंसी) इस्तेमाल करने वाला पहला नगर निगम पटना नगर निगम है। इस दौरान पार्षदों के लिये कार्यशाला का भी आयोजन किया गया, जहाँ उन्हें डिजीटल ई-रुपए के लाभ, इस्तेमाल की जानकारियाँ दी गईं। 
  • इस दौरान भारतीय रिज़र्व बैंक के रिजनल हेड संजीव दयाल ने कहा कि यह एक बेहतर और सुरक्षित सिस्टम है, जहाँ पेमेंट करते ही तत्काल रूप से राशि क्रेडिट होती है। डिजीटली रूप से ट्रेंड होने पर आम नागरिकों को सुविधा मिलेगी। एक क्लिक में आसानी से पेमेंट किया जाएगा। 
  • नगर निगम आयुक्त अनिमेष कुमार पराशर ने कहा कि पटना नगर निगम के कार्यों को जनसुलभ बनाने एवं पेमेंट की प्रक्रिया को आसान करने के लिये लगातार प्रयास किया जा रहा है। नो कॉस्ट प्रोसेस के तहत ऑनलाइन पेमेंट सिस्टम के माध्यम से पटना नगर निगम की आय बढ़ाने के साथ ही आम लोगों को घर बैठे सुविधाएँ मुहैया कराई जा रही हैं।  
  • उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में पटना नगर निगम में ऑनलाइन भुगतान 30 प्रतिशत हो रहा है, इसे 90 से 95 प्रतिशत करना लक्ष्य है। 
  • उल्लेखनीय है कि सीबीडीसी एक डिजिटल मुद्रा है, लेकिन यह करेंसी निजी करेंसी से अलग है। पिछले एक दशक में क्रिप्टो करेंसी का बाज़ार तेज़ी से बढ़ा है। निजी डिजिटल मुद्राएँ किसी भी व्यक्ति की देनदारियों का प्रतिनिधित्व नहीं करती हैं, क्योंकि उनका कोई जारीकर्त्ता नहीं है।