मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड की SATTE 2023 में भागीदारी | 10 Feb 2023

चर्चा में क्यों?

9 फरवरी, 2023 को केंद्रीय पर्यटन और संस्कृति मंत्री जी. किशन रेड्डी ने ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर में दक्षिण एशिया की सबसे बड़ी यात्रा और पर्यटन प्रदर्शनी- साउथ एशिया ट्रेवल एंड टूरिज्म एक्सचेंज SATTE 2023 के 30वें संस्करण का उद्घाटन किया। इसमें मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड भागीदारी कर रहा है।

प्रमुख बिंदु

  • मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा SATTE 2023 के माध्यम से यात्रा और पर्यटन उद्योग से जुड़े विभिन्न हितधारकों को प्रदेश के पर्यटन स्थल, स्थापत्य कला, संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य से अवगत कराया जा रहा है।
  • हितधारकों को राज्य की परिवहन सुगमता, सुरक्षित वातावरण और नागरिकों के आतिथ्यभाव के बारे में भी जानकारी दी जा रही है। कार्यक्रम स्थल में मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड का स्टॉल क्रमांक ।-60 हॉल क्रमांक 9 में लगाया गया है।
  • स्टॉल पर आगंतुकों को ऑक्यूलस की सहायता से वर्चुअल रियालिटी तकनीक से साँची, अमरकंटक, नर्मदा घाट और अन्य गंतव्यों का आभासी पर्यटन कराया जा रहा है।
  • SATTE 2023 में मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड का भागीदारी करने का उद्देश्य अपने विभिन्न हितधारकों से मिलना और ‘हिंदुस्तान के दिल’मध्य प्रदेश में घरेलू और विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ाने के अवसर सृजित करना है।
  • उल्लेखनीय है कि इस प्रदर्शनी का आयोजन 9 से 11 फरवरी तक किया जाएगा।