उत्तराखंड विधानसभा के नवनिर्मित पुस्तकालय व नवीन वेबसाइट का हुआ लोकार्पण | 14 Jul 2023

चर्चा में क्यों?

13 जुलाई, 2023 को उत्तराखंड के विधानसभा सभागार में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने विधानसभा के नवनिर्मित पुस्तकालय व नवीन वेबसाइट का लोकार्पण किया, जिससे विधानसभा के विधायी कार्यों, सदन की कार्यवाही से संबंधित जानकारी अब एक क्लिक पर मिल सकेगी।

प्रमुख बिंदु 

  • इसके अलावा, विधानसभा में ई-लाईब्रेरी से देश-विदेश के प्रसिद्ध लेखकों की पुस्तक व शोध पर आधारित पुस्तक उपलब्ध होंगी। 
  • पुस्तकालय में लगभग 25 हज़ार से ऊपर पुस्तकों का समावेश किया गया है, जिसमें संविधान एवं कानून, लोक प्रशासन और सामान्य ज्ञान समेत विभिन्न विषयों से संबंधित महत्त्वपूर्ण पुस्तकें उपलब्ध रहेंगी। पुस्तकें डिजिटल और प्रिंट दोनों रूप में उपलब्ध होंगी।  
  • विधानसभा पुस्तकालय से विधायकों को संसदीय कार्यों में सहायता मिलेगी, वहीं दूसरी ओर पुस्तकालय में उपलब्ध विशिष्ट पुस्तकों के अध्ययन से उन्हें सामाजिक कार्यों में भी लाभ होगा।  
  • विधानसभा में इस पुस्तकालय के माध्यम से सभी निर्वाचित सदस्य अपनी संसदीय समस्याओं के समाधान के साथ ही संसदीय परंपराओं एवं सदन के भीतर होने वाली कार्यवाही के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। पुस्तकालय में उपलब्ध पुस्तकों से कार्यसूची के अनुसार सदन की कार्यवाही की जानकारियाँ व पुराने अभिलेखों से अनेक लोगों का मार्गदर्शन होगा।
  • इस पुस्तकालय को देश की अन्य विधानसभाओं की लाइब्रेरी संसद की लाइब्रेरी से भी जोड़ा जाएगा।  
  • विधानसभा की नई वेबसाइट www.vidhansabha.gov.in पर लोगों को विधायी व सदन की कार्यवाही व प्रश्न-उत्तर एक क्लिक पर उपलब्ध होंगे।