क्षमता निर्माण आयोग की नई अध्यक्ष | 09 Aug 2025
चर्चा में क्यों?
श्रीमती एस. राधा चौहान ने नई दिल्ली में क्षमता निर्माण आयोग के अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया। उन्होंने श्री आदिल जैनुल भाई का स्थान लिया, जो अप्रैल 2021 से इस पद पर थे।
- श्रीमती चौहान उत्तर प्रदेश कैडर (1988 बैच) की सेवानिवृत्त IAS अधिकारी हैं और उन्होंने कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) की सचिव के रूप में भी कार्य किया है।
मुख्य बिंदु
क्षमता निर्माण आयोग के बारे में:
- क्षमता निर्माण आयोग (CBC) पूर्ण कार्यकारी प्राधिकार वाला एक स्वायत्त निकाय है, जो अप्रैल 2021 से कार्यरत है।
- यह एक तीन सदस्यीय आयोग है, जिसे एक सचिव की अध्यक्षता वाले आंतरिक सचिवालय द्वारा सहायता प्रदान की जाती है।
- आयोग के सदस्य निजी क्षेत्र, शिक्षा जगत, सार्वजनिक क्षेत्र और नागरिक समाज जैसी विविध पृष्ठभूमियों से नियुक्त किये जाते हैं।
- आयोग का दायित्व भारत की नागरिक सेवाओं के परिदृश्य में मानकीकरण और सामंजस्य को आगे बढ़ाना है।
- नागरिक सेवाओं के क्षमता निर्माण सुधारों के संरक्षक के रूप में यह आयोग मिशन कर्मयोगी के संस्थागत ढाँचे में केंद्रीय भूमिका निभाता है।
मिशन कर्मयोगी
- मिशन कर्मयोगी को भारत सरकार द्वारा सितंबर 2020 में राष्ट्रीय सिविल सेवा क्षमता निर्माण कार्यक्रम (NPCSCB) के रूप में लॉन्च किया गया था।
- इसका उद्देश्य भारतीय सिविल सेवकों को अधिक रचनात्मक, सक्रिय, पेशेवर, ऊर्जावान, पारदर्शी और प्रौद्योगिकी सक्षम बनाकर भविष्य के लिये तैयार करना है।