भाला फेंक में नीरज चोपड़ा विश्व के नंबर वन खिलाड़ी बने | 26 May 2023

चर्चा में क्यों?

22 मई, 2023 को वर्ल्ड एथलेटिक्स द्वारा जारी पुरुष भाला फेंक रैंकिंग (javelin throw rankings) में हरियाणा के पानीपत ज़िले के नीरज चोपड़ा विश्व के नंबर वन खिलाड़ी बने। नीरज यह रैंकिंग प्राप्त करने वाले पहले भारतीय हैं। 

प्रमुख बिंदु  

  • नीरज चोपड़ा इस रैंकिंग में 1455 अंकों के साथ शीर्ष पर हैं, जबकि ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स 1433 अंकों के साथ विश्व के दूसरे नंबर के भाला फेंक खिलाड़ी हैं। 
  • टोक्यो ओलंपिक में रजत पदक जीतने वाले चेक गणराज्य के जैकब वडलेज्च 1416 अंकों के साथ विश्व रैंकिंग में तीसरे स्थान पर हैं।
  • गौरतलब है कि 5 मई, 2023 को नीरज चोपड़ा ने 88.67 मीटर भाला फेंककर दोहा डायमंड लीग का खिताब अपने नाम किया। इसी से वह नंबर वन जेवलिन थ्रोअर बने हैं। 
  • 30 अगस्त, 2022 को चोपड़ा वर्ल्ड नंबर 2 पर पहुँच गए थे, लेकिन तब से मौजूदा विश्व चैंपियन, एंडरसन पीटर्स उनसे आगे थे। 
  • सितंबर 2022 में, नीरज ने ज्यूरिख में डायमंड लीग 2022 का फाइनल जीता, जिससे वह ऐसा करने वाले पहले भारतीय एथलीट बन गए।