नीलिमा केरकेट्टा बनीं झारखंड लोक सेवा आयोग की नई अध्यक्ष | 23 Sep 2022

चर्चा में क्यों?

22 सितंबर, 2022 को भारतीय प्रशासनिक सेवा की सेवानिवृत्त अधिकारी डॉ. मेरी नीलिमा केरकेट्टा झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की अध्यक्ष बनाई गई हैं। राज्यपाल रमेश बैस की स्वीकृति के बाद कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग ने उन्हें अध्यक्ष पद पर नियुक्त करते हुए अधिसूचना जारी की।

प्रमुख बिंदु 

  • गौरतलब है कि जेपीएससी अध्यक्ष पद अमिताभ चौधरी के 5 जुलाई, 2022 को 62 वर्ष पूरा होने के बाद से खाली था। अध्यक्ष नहीं रहने से आयोग में कई नियुक्तियाँ, इंटरव्यू, प्रोन्नति आदि कार्य ठप हैं।
  • डॉ. नीलिमा पदभार ग्रहण करने की तिथि से अधिकतम 62 वर्ष की आयु तक अध्यक्ष पद पर रहेंगी। इस तरह वह अगस्त 2024 तक इस पद पर रह सकेंगी।
  • डॉ. नीलिमा महाराष्ट्र कैडर की 1994 बैच की आइएएस अधिकारी रही हैं। वर्ष 2008 से 2013 तक झारखंड में कई पदों पर रहीं और स्वास्थ्य विभाग की प्रधान सचिव के रूप में सेवानिवृत्त हुईं।
  • गुमला ज़िला स्थित करनी गाँव की रहनेवाली डॉ. केरकेट्टा ने उर्सूलाइन कॉन्वेंट गर्ल्स हाईस्कूल राँची से मैट्रिक, बीएयू से स्नातक, आइसीएआर, नई दिल्ली से एमएससी व पीएचडी की डिग्री हासिल की थी। इनके पिता डॉ. आर केरकेटेा बिरसा कृषि विश्वविद्यालय में कुलपति रहे हैं।