गणतंत्र दिवस समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एन.सी.सी.कैडेट्स हुए सम्मानित | 04 Feb 2023

चर्चा में क्यों

3 फरवरी, 2023 को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के एन.सी.सी. दल के लिये भोपाल में आयोजित चीफ मिनिस्टर बैनर कार्यक्रम में दिल्ली में आयोजित 74वें गणतंत्र दिवस शिविर में सम्मिलित मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ एन.सी.सी. निदेशालय के केडेट्स को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिये सम्मानित किया।

प्रमुख बिंदु 

  • मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स का विभिन्न श्रेणियों के तहत पुरस्कृत किया। इनमें प्रथम स्थान प्राप्त कु. खुशी महावर को 50 हज़ार रुपए, द्वितीय स्थान प्राप्त कु. आयुषी तिवारी को 30 हज़ार रुपए और तृतीय स्थान प्राप्त कु. इशिका गुर्जर को 20 हज़ार रुपए की सम्मान निधि से सम्मानित किया गया।
  • इसी क्रम में राष्ट्रीय गणतंत्र दिवस में सम्मिलित प्रत्येक कैडेट को 5 हज़ार रुपए तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सम्मिलित प्रत्येक कैडेट को एक हज़ार रुपए की सम्मान निधि प्रदान की गई।
  • मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल के एन.सी.सी. मुख्यालय के ग्रुप कमांडर संजोय घोष को चीफ मिनिस्टर बैनर से सम्मानित किया।
  • मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ एन.सी.सी. निदेशालय के अपर महानिदेशक मेजर जनरल ए.के. महाजन ने बताया कि 1948 में आरंभ एन.सी.सी. वर्तमान में विश्व का सबसे बड़ा वर्दीधारी युवा संगठन है। मध्य प्रदेश में 55 हज़ार कैडेट्स को सम्मिलित किया जाएगा।
  • उन्होंने बताया कि दिल्ली की परेड में मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ निदेशालय के दल ने ग्याहरवाँ स्थान प्राप्त किया। कर्तव्य पथ पर निदेशालय के 15, राष्ट्रीय गार्ड ऑफ ऑनर में 5 और पीएम रैली में 2 कैडेट्स ने भाग लिया। घुड़सवारी में निदेशालय के कैडेट्स ने 2 रजत और दो काँस्य पदक जीते।
  • चीफ मिनिस्टर बैनर कार्यक्रम में एन.सी.सी. कैडेट्स द्वारा रूद्र शिव तांडव, पुण्य श्लोक माँ अहिल्या बाई होल्कर की जीवन गाथा पर नृत्य नाटिका, बाँसुरी वादन तथा बधाई नृत्य प्रस्तुत किया गया।