नई चेतना 4.0 अभियान | 26 Nov 2025

चर्चा में क्यों?

केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री ने केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री के साथ मिलकर दीनदयाल अंत्योदय योजना - राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (DAY-NRLM) के तहत एक राष्ट्रीय पहल 'नई चेतना 4.0' का शुभारंभ किया।

मुख्य बिंदु

पहल के बारे में:

  • नई चेतना - परिवर्तन की पहल का चौथा संस्करण विशेष रूप से ग्रामीण भारत में महिलाओं की सुरक्षा, गतिशीलता, सम्मान और सामाजिक-आर्थिक भागीदारी को सुदृढ़ करने पर केंद्रित है
  • यह अभियान DAY–NRLM के तहत स्वयं सहायता समूहों (SHG) के व्यापक नेटवर्क के नेतृत्व में 25 नवंबर से 23 दिसंबर 2025 तक संपूर्ण देश में संचालित किया जाएगा।
  • इसमें नशा-उन्मूलन पर विशेष ज़ोर दिया गया है, जिसे घरेलू हिंसा का प्रमुख कारण माना गया है तथा गाँव-स्तरीय अभियानों के माध्यम से हिंसा-मुक्त समुदायों को बढ़ावा दिया जाएगा।
  • यह पहल शासन में महिलाओं की स्थिति, सुरक्षित सार्वजनिक स्थान, साझी घरेलू ज़िम्मेदारियाँ तथा महिलाओं की आर्थिक भूमिकाओं की मान्यता को रेखांकित करती है।

दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (DAY-NRLM)

  • इस मिशन को वर्ष 2011 में प्रारम्भ किया गया था तथा इसकी क्रियान्वयन संरचना और पहुँच को सुदृढ़ करने हेतु वर्ष 2015 में इसका पुनर्गठन किया गया। 
  • मिशन का क्रियान्वयन ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा किया जाता है।
  • इस योजना का उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों (SHG) के माध्यम से स्वरोज़गार, कौशल विकास और स्थायी आजीविका को बढ़ावा देकर ग्रामीण गरीबी को कम करना है।
  • यह मुख्यतः ग्रामीण महिलाओं को SHGs में संगठित करने, उन्हें क्रेडिट लिंकिंग, क्षमता-विकास सहायता तथा बाज़ारों तक बेहतर पहुँच प्रदान करने पर केंद्रित है।
  • इसमें वित्तीय समावेशन, डिजिटल साक्षरता तथा आजीविका गतिविधियों के विविधीकरण जैसे प्रमुख घटक शामिल हैं, जिनका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पारिवारिक आय में सुधार और स्थिरता सुनिश्चित करना है।