झारखंड के जमशेदपुर में राष्ट्रीय जनजातीय महोत्सव ‘आदि महोत्सव’ का उद्घाटन | 09 Oct 2023

चर्चा में क्यों?

7 अक्तूबर, 2023 को केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री अर्जुन मुंडा ने झारखंड के जमशेदपुर में ‘आदि महोत्सव’राष्ट्रीय जनजातीय महोत्सव का उद्घाटन किया।

प्रमुख बिंदु

  • यह विशाल कार्यक्रम 7 से 16 अक्तूबर, 2023 तक जनजातीय मामलों के मंत्रालय के ट्राइबल कोऑपरेटिव मार्केटिंग डेवलपमेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (टीआरआईएफईडी) द्वारा आयोजित किया जा रहा है।
  • आदिवासी उद्यमिता, शिल्प, संस्कृति, व्यंजन और वाणिज्य का वार्षिक उत्सव ‘आदि महोत्सव’ देश भर की जनजातियों की समृद्ध और विविध विरासत को प्रदर्शित करने के लिये एक महत्त्वपूर्ण मंच के रूप में कार्य करता है।
  • इस वर्ष यह महोत्सव विशेषरूप से कमज़ोर जनजातीय समूहों (पीवीटीजी) और वन धन विकास केंद्र (वीडीवीके) लाभार्थियों सहित 336 आदिवासी कारीगरों और कलाकारों की प्रतिभा को उजागर करेगा।
  • इस कार्यक्रम में झारखंड के 30 कारीगरों के स्टॉल, लगभग 11 वीडीवीके के स्टॉल और 5 व्यंजन स्टॉल शामिल किये जाएंगे। इस कार्यक्रम में 15 व्यंजन स्टॉलों सहित अन्य राज्यों के 68 कारीगरों के स्टॉलों का सफलतापूर्वक प्रदर्शन किया जाएगा।
  • यहाँ कपड़ा, पेंटिंग, आभूषण, धातु, बेंत और बाँस एवं व्यंजन जैसी विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रतिभा का लाइव प्रदर्शन भी किया जाएगा।