नेशनल हैंडलूम एक्सपो 2021-22 | 10 Jan 2022

चर्चा में क्यों? 

9 जनवरी, 2022 को भोपाल स्थित भोपाल हाट में नेशनल हैंडलूम एक्सपो 2021-22 का समापन विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरण के साथ हुआ। एक्सपो का आयोजन 26 दिसंबर, 2021 से 9 जनवरी, 2022 तक किया गया।

 प्रमुख बिंदु

  • संत रविदास खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड की प्रबंध संचालक अनुभा श्रीवास्तव ने समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया। इनमें स्कूली छात्र-छात्राओं, बुनकरों एवं परिधान डिजाइन से जुड़े हुए पाठ्यक्रमों के स्टूडेंट्स प्रमुख रूप से शामिल थे।
  • एक्सपो में रंगोली प्रतियोगिता में 19 प्रतिभागी शामिल हुए। इसमें प्रथम पुरस्कार आनंद विद्या स्कूल की छात्रा रिद्धिमा अग्रवाल को, द्वितीय पुरस्कार आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के छात्र मुकेश सिंह को और तृतीय पुरस्कार अंकुर हायर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा महक साहू को दिया गया। विजेताओं को नगद राशि और सम्मान-पत्र दिये गए।
  • स्टॉल डिस्प्ले प्रतियोगिता का प्रथम पुरस्कार प्रीति मालवीय, ट्विंकल एवं खुशी मेहता के समूह ने जीता। द्वितीय पुरस्कार क्रांति, मेधा मालवीय, तनु चक्रवर्ती एवं दीपिका साहू को दिया गया। विजेताओं को नकद राशि और सम्मान-पत्र प्रदान किये गए। साथ ही विभिन्न राज्यों से आए बुनकरों एवं हस्तशिल्पियों को भी सम्मानित किया गया।
  • उल्लेखनीय है कि नेशनल हैंडलूम एक्सपो में 15 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों की विभिन्न सांस्कृतिक छटा देखने को मिली। मध्य प्रदेश सहित हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, गुजरात, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, बिहार, कर्नाटक एवं दक्षिण भारत के बुनकरों ने भी अपने हुनर का प्रदर्शन किया।