दिव्यांग व्यक्तियों के सशक्तीकरण के लिये छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय पुरस्कार | 13 Nov 2021

चर्चा में क्यों?

12 नवंबर, 2021 को केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के अंतर्गत दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग ने वर्ष 2020 के दिव्यांग व्यक्तियों के सशक्तीकरण के लिये राष्ट्रीय पुरस्कारों के विजेताओं की घोषणा की है। इसमें छत्तीसगढ़ ने तीन श्रेणियों में राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त किया।

प्रमुख बिंदु 

  • छत्तीसगढ़ को यह पुरस्कार 3 दिसंबर को अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में प्रदान किया जाएगा। 
  • राष्ट्रीय पुरस्कार के बेस्ट ब्रेल प्रेस की श्रेणी में बिलासपुर में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित बेल प्रेस का चयन किया गया है। 
  • विकलांग व्यक्तियों के लिये अवरोध मुक्त वातावरण के निर्माण में उत्कृष्ट कार्य हेतु स्थानीय निकाय की श्रेणी में नया रायपुर का चयन किया गया है। इसके लिये अटल नगर विकास प्राधिकरण को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। 
  • इसी तरह दिव्यांगजन के साथ स्वरोज़गार के लिये सर्वश्रेष्ठ नियोक्ता और प्लेसमेंट अधिकारी/एजेंसी की श्रेणी में निजी या गैर-सरकारी संगठन या कार्यालय के लिये समता कॉलोनी रायपुर के नुक्कड़ टी कैफे वेंचर्स एलएलपी का चयन सर्वश्रेष्ठ नियोक्ता के रूप में किया गया है।