उत्तराखंड की 10 महिलाओं को मिलेगा नंदा देवी वीरता सम्मान | 31 Oct 2022

चर्चा में क्यों?

30 अक्टूबर, 2022 को उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण की अध्यक्षता में गठित चयन समिति ने वीरता और साहस दिखाने वाली राज्य की 10 महिलाओं को ‘नंदा देवी वीरता सम्मान’प्रदान किये जाने की घोषणा की।

प्रमुख बिंदु

  • उल्लेखनीय है कि श्री नंदा देवी राजजात पूर्व पीठिका समिति की ओर से हर साल अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाता है।
  • इस साल वीरता और साहस के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान देने वाली पर्वतीय क्षेत्र के दुर्गम इलाकों में कार्यरत् महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। इन्हें एक नवंबर को राज्य विधानसभा के प्रकाश पंत भवन सभागार में आयोजित होने वाले समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
  • इन महिलाओं में राज्य के पौड़ी से फ्लाइंग ऑफिसर निधि बिष्ट, बागेश्वर से अनीता टम्टा, पिथौरागढ़ के धारचूला की कलावती बडाल, चंपावत की तारा जोशी, कपकोट की तारा टाकुली, तारा पांगती, पिथौरागढ़ से गीता देवी पांगती, बागेश्वर से आशा देवी, चंबा से निवेदिता पंवार, पिथौरागढ़ से सीता देवी बुरफाल को सम्मान के लिये चयनित किया गया है।