मुस्कान किरार: वर्ल्ड सीनियर आर्चरी | 27 Sep 2021

चर्चा में क्यों?

25 सितंबर, 2021 को यांकटन (अमेरिका) में आयोजित सीनियर वर्ल्ड आर्चरी चैंपियनशिप में महिला कंपाउंड टीम इवेंट में मध्य प्रदेश राज्य तीरंदाज़ी अकादमी, जबलपुर की मुस्कान किरार कोलम्बिया के विरुद्ध फाइनल मुकाबले में दमदार प्रदर्शन करते हुए भारत को रजत पदक दिलाने में कामयाब हुईं।

प्रमुख बिंदु

  • कोलम्बिया ने भारत को 229 के मुकाबले 224 अंकों से हराया। 
  • उल्लेखनीय है कि यांकटन (अमेरिका) में 19 से 26 सितंबर, 2021 तक इस चैंपियनशिप का आयोजन किया गया था।
  • भारत की तरफ से इस टीम इवेंट में मुस्कान किरार (जबलपुर, मध्य प्रदेश), प्रिया गुर्जर (राजस्थान) और ज्योति (आंध्र प्रदेश) शामिल थीं। फाइनल मुकाबले में मुस्कान किरार ने 80 में से 78, प्रिया ने 80 में से 74 और ज्योति ने 80 में से 72 अंक अर्जित किये। 
  • गौरतलब है कि मुस्कान किरार मूलत: जबलपुर की निवासी हैं। मुस्कान को वर्ष 2018 में राज्य शासन ने एकलव्य पुरस्कार तथा वर्ष 2019 में विक्रम पुरस्कार से सम्मानित किया था। मुस्कान किरार ने एशियन गेम्स 2018 में रजत पदक अर्जित किया था। 
  • मुस्कान अब तक 14 अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। इन प्रतियोगिताओं में मुस्कान ने एक स्वर्ण, छह रजत और तीन कांस्य पदक सहित भारत को कुल 10 पदक दिलाए हैं।