डीग में स्थापित होगा संग्रहालय | 01 Jul 2023

चर्चा में क्यों?

29 जून, 2023 को राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य के भरतपुर ज़िले के डीग में संग्रहालय स्थापित करने के लिये 4.21 करोड़ रुपए के वित्तीय प्रस्ताव का अनुमोदन किया है। 

प्रमुख बिंदु 

  • प्रस्ताव के अनुसार, भरतपुर राजवंश के इतिहास को प्रदर्शित करती गैलेरी, महाराजा सूरजमल गैलेरी, आर्म्स गैलेरी, मूर्ति गैलेरी, उत्खनन गैलेरी, कला एवं संस्कृति गैलेरी, ब्रजमंडल गैलेरी, पेंटिंग गैलेरी सहित कुल 8 गैलेरी का निर्माण किया जाएगा।
  • साथ ही, डीग किला क्षेत्र में मुख्य द्वार से संग्रहालय भवन तक हाई मास्ट लाइट, सोलर लाइट, जल आपूर्ति संबंधी कार्य, पर्यटकों की सुविधा के लिये आवागमन तथा अन्य विकास कार्य भी करवाए जाएंगे। 
  • मुख्यमंत्री के इस निर्णय से पर्यटकों को डीग किले के साथ-साथ भरतपुर के राजवंश, ब्रज की कला एवं संस्कृति, प्राचीनकाल के हथियारों सहित विभिन्न जानकारियाँ एक ही स्थान पर मिल सकेंगी। 
  • उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री द्वारा वर्ष 2023-24 के बजट में इस संबंध में घोषणा की गई थी।